1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तानी ड्रोन नियंत्रण रेखा पार करके भारतीय सीमा में घुसा, सेना ने की गोलीबारी

जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तानी ड्रोन नियंत्रण रेखा पार करके भारतीय सीमा में घुसा, सेना ने की गोलीबारी

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Mar 01, 2026 11:21 am IST,  Updated : Mar 01, 2026 12:02 pm IST

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एक पाकिस्तानी ड्रोन ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की है, जिसके बाद सेना ने उस पर गोलीबारी की है।

INDIAN ARMY- India TV Hindi
भारतीय सेना Image Source : PTI/FILE

पुंछ: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तान ने एक बार फिर अपनी नापाक हरकत को अंजाम दिया है। पाकिस्तानी ड्रोन पुंछ में नियंत्रण रेखा पार करते हुए भारतीय सीमा में घुस गया। इसके बाद भारतीय सेना ने उस पर गोलीबारी की है।

क्या है पूरा मामला?

अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार करके भारतीय सीमा में घुस आए पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराने के लिए सेना के जवानों ने गोलीबारी की।

27 फरवरी को भी दिखे थे संदिग्ध ड्रोन

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में 27 फरवरी को भी संदिग्ध ड्रोन देखे गए थे। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर एक संदिग्ध ड्रोन मूवमेंट का पता चलने के बाद सिक्योरिटी फोर्स ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। संदिग्ध हवाई मूवमेंट के दौरान भी सेना ने गोलीबारी की थी, जिसके बाद संदिग्ध ड्रोन पीछे हट गए थे।

इसके बाद से सेना अलर्ट मोड में है और ड्रोन गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। 

इसके अलावा बुधवार को ये खबर सामने आई थी कि जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के एक सीमावर्ती गांव में आतंकवादियों के ठिकाने का पता लगाया गया है। इस दौरान 2 विस्फोटक (IED) एवं एक पिस्तौल सहित हथियारों का जखीरा बरामद किया गया था।

सेना की 'व्हाइट नाइट कोर' ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा था, 'अपने स्रोतों और पुलिस से प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर व्हाइट नाइट कोर के जवानों और एसओजी पुंछ ने मिलकर गनी वन क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के तहत विस्तृत तलाशी के दौरान मौके से एक बड़ा IED (4.5 किलोग्राम), एक छोटा आईईडी (800 ग्राम), दो चीनी हथगोले, नौ एमएम की एक पिस्तौल, नौ एमएम के दो कारतूस और 7.62 एमएम के 22 कारतूस बरामद किए गए।'

गौरतलब है कि भारत की आतंकवाद को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति है। वहीं पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आता और भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देने की कोशिश करता है। पाकिस्तानी आतंकी, भारत में घुसपैठ करने की कोशिश करते हैं लेकिन भारतीय जवान उन्हें मुंहतोड़ जवाब देते रहते हैं। आतंकवाद को लेकर भारत की कार्रवाई से आतंकियों और उनके आकाओं में खलबली मची हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।