भारत समेत दुनिया के विभिन्न हिस्सों में भूकंप की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। हाल के दिनों में कई देशों में भूकंप के कारण हजारों की संख्या में मौतें भी हुई हैं। तेजी से बढ़ती भूकंप की घटनाओं के कारण लोगों के अंदर खौफ बढ़ता चला जा रहा है। इस बीच भारत के केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में दो दिन के भीतर दो बार भूकंप के झटके महसूस हुए हैं। गुरुवार को राज्य के कुपवाड़ा में भी भूकंप आया है।
कितनी रही भूकंप की तीव्रता?
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में गुरुवार को आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.5 मापी गई है। भूकंप गुरुवार को दोपहर 1 बजकर 41 मिनट पर आया। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि भूकंप के कारण फिलहाल कोई नुकसान होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप का केंद्र उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में था।
बुधवार को भी आया था भूकंप
बुधवार को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भी भूकंप आया था। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई। भूकंप का केंद्र डोडा में जमीन से 5 किलोमीटर नीचे था। भूकंप के झटके सुबह-सुबह महसूस किए गए थे।
भूकंप क्यों आते हैं?
आपको बता दें कि पृथ्वी के अंदर कुल 7 टेक्टोनिक प्लेट्स मौजूद रहती हैं। जानकारी के मुताबिक, ये सभी 7 टेक्टोनिक प्लेट्स अपनी-अपनी जगह पर लगातार घूमती रहती हैं। हालांकि, कई बार घूमने के दौरान ये टेक्टोनिक प्लेटें फॉल्ट लाइन पर टकरा जाती हैं। इनके टकराने से जो घर्षण पैदा होता उससे ऊर्जा उत्पन्न होती है जो कि बाहर निकलने का रास्ता खोजती हैं। यही कारण है कि धरती पर भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- भूकंप के झटकों से हिल गया ये प्रदेश, जानें रिक्टर स्केल पर कितनी रही तीव्रता
आतंकी के घर को श्रीनगर पुलिस ने कुर्क, UAPA के तहत की गई कार्रवाई