जम्मू-कश्मीर से सोमवार को सुबह-सुबह बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश के कुलगाम इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को ढ़ेर कर दिया है। मारे गए आतंकवादी की लाश सेब के बाग में पड़ी है। उसकी तस्वीर भी सामने आई है। सेना इलाके में तलाशी अभियान चला रही है।
तलाशी अभियान के दौरान गोलीबारी
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, कुलगाम में जारी एनकाउंटर में एक आतंकी मारा गया है। कुलगाम के गुड्डार वन क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान कथित तौर पर कुछ गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं थी। फिर इलाके की घेराबंदी कर दी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इलाके में दो आतंकवादी फंसे हुए हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की एसओजी ऑपरेशन में जुटी हुई है। एक आतंकवादी का शव सेब के बाग में पड़ा हुआ है। मारे गए आतंकी की पहचान अभी बाकी है।
सेना ने क्या बताया?
कुलगाम में जारी एनकाउंटर पर सेना ने भी बयान जारी किया है। सेना ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से मिली विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF श्रीनगर द्वारा कुलगाम के गुड्डर जंगल में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया था। सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया और एक जूनियर कमीशन अधिकारी घायल हुआ है।
इधर पाकिस्तानी घुसपैठिया गिरफ्तार
दूसरी ओर रविवार की रात जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में इंटरनशनल बोर्डर के पास से एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया है। घुसपैठिए की पहचान पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा निवासी सिराज खान के रूप में हुई है। जवानों ने घुसपैठिए को ललकारने के बाद गोलियां चलाईं। इसके बाद उसे सीमा पर लगी बाड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। घुसपैठिए के पास से कुछ पाकिस्तानी मुद्रा बरामद हुई हैं। उससे पूछताछ जारी है।
ये भी पढ़ें- 'हजरतबल दरगाह में बोर्ड लगाने की जरूरत नहीं थी, गलत हुआ', विवाद पर बोले फारूक अब्दुल्ला