1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कश्मीर में अचानक बदला मौसम, तेज हवाओं से गिर गई कई घरों की छतें, दुकानों को भी नुकसान; आज भारी बारिश का अलर्ट

कश्मीर में अचानक बदला मौसम, तेज हवाओं से गिर गई कई घरों की छतें, दुकानों को भी नुकसान; आज भारी बारिश का अलर्ट

 Reported By: Manzoor Mir Edited By: Mangal Yadav
 Published : Apr 17, 2026 07:24 am IST,  Updated : Apr 17, 2026 07:44 am IST

जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार सुबह से आंधी चल रही है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आंधी की वजह से कई घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है।

डल झील में शिकारों पर सवार सभी लोगों को सुरक्षित बचाया गया- India TV Hindi
डल झील में शिकारों पर सवार सभी लोगों को सुरक्षित बचाया गया Image Source : REPORTER

श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं। तेज हवाओं के झोंकों से कई घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है। श्रीनगर, पुलवामा और कश्मीर के कई अन्य हिस्सों में घरों की छतें गिर गई हैं। हालांकि, एक राहत की बात यह है कि डल झील में शिकारों पर सवार सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए पूरे कश्मीर क्षेत्र में भारी बारिश और तेज़ हवाओं का अनुमान लगाया है और डल झील के पास व नदी के किनारों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की गई है। 

19 अप्रैल तक खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, 17 अप्रैल से 19 अप्रैल तक जम्मू और कश्मीर डिवीजन में मौसम खराब रहेगा। कई जिलों में आंधी-तूफ़ान  के साथ ओलावृष्टि का भी अलर्ट है। इस दौरान 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। 

16 अप्रैल को कैसा था मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर संभाग में 16 अप्रैल को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से (04-08℃) अधिक रहा और जम्मू संभाग के कई हिस्सों में यह सामान्य से (02-04℃) अधिक रहा। कश्मीर संभाग में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान श्रीनगर (26.8℃) में और जम्मू संभाग में कठुआ (36.0℃) में दर्ज किया गया।

कश्मीर संभाग के कई हिस्सों में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, जबकि जम्मू संभाग के कई स्थानों पर यह लगभग सामान्य रहा। कश्मीर संभाग में सबसे कम न्यूनतम तापमान पहलगाम (3.8℃) में और जम्मू संभाग में बनिहाल (6.4℃) में दर्ज किया गया। आज मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।