1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कश्मीर के रियासी में लैंडस्लाइड, कार पर पत्थर गिरने से SDM और उसके बेटे की मौत, पत्नी हुई घायल, LG ने जताया दुख

कश्मीर के रियासी में लैंडस्लाइड, कार पर पत्थर गिरने से SDM और उसके बेटे की मौत, पत्नी हुई घायल, LG ने जताया दुख

 Published : Aug 02, 2025 06:51 am IST,  Updated : Aug 02, 2025 07:03 am IST

बारिश के चलते कश्मीर के कई रास्ते जोखिम भरे हैं। पहाड़ों में लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। रियासी जिले में लैंडस्लाइड के चलते एसडीएम और उसके बेटे की मौत के बाद से प्रशासन की टीम और भी ज्यादा अलर्ट हो गई है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में भूस्खलन (Landslide) की घटना सामने आई है। एक वाहन पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक उपमंडल मजिस्ट्रेट (SDM)  राजिंदर सिंह राणा और उनके बेटे की मौत हो गई। उनकी पत्नी और दो अन्य लोग घायल हो गए। 

परिवार संग जा रहे थे अपने पैतृक गांव

भूस्खलन की यह घटना गुरुवार रात सलुख इख्तर नाला क्षेत्र में उस समय हुई, जब राजिंदर सिंह राणा अपने परिवार के साथ धर्मारी से अपने पैतृक गांव पट्टियां जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के कारण एक बड़ा पत्थर वाहन से टकराया, जिससे जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राणा और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। 

2011 बैच के अधिकारी थे राजिंदर सिंह राणा 

घायलों को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को रियासी के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। साल 2011 बैच के अधिकारी राणा रामनगर एसडीएम के पद पर तैनात थे। इससे पहले पूर्वी लद्दाख में सेना के वाहन पर चट्टान से पत्थर गिरने से दो सैन्यकर्मी मारे गए थे। 

LG मनोज सिन्हा ने इस घटना पर जताया दुख

इस घटना पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एसडीएम के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'रियासी के धर्मारी में हुए भूस्खलन की घटना से अत्यंत दुखी हूं, जिसमें हमने एक अधिकारी, राजिंदर सिंह, जेकेएएस 2011, एसडीएम रामनगर और उनके बेटे को खो दिया है। यह त्रासदी हृदय विदारक है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस घटना में घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों।'

जानिए क्या बोले डॉक्टर?

रियासी जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर गोपाल दत्त ने कहा, 'घटना की सूचना मिलते ही हमने दो एम्बुलेंस मौके पर भेजीं। 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना में हमने एक युवा अधिकारी खो दिया है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।