1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. पहलगाम में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, लिद्दर नदी का जलस्तर बढ़ा, कई सड़कें डूबीं, बादल फटने की चेतावनी

पहलगाम में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, लिद्दर नदी का जलस्तर बढ़ा, कई सड़कें डूबीं, बादल फटने की चेतावनी

 Reported By: Manzoor Mir Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 01, 2026 10:28 pm IST,  Updated : Sep 01, 2026 10:32 pm IST

भारी बारिश के चलते पहलगाम की सड़कों पर पानी भर गया है। पैदल चलने वाले और कार वाहनों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। नदियां उफान पर हैं। स्थानीय मौसम विभाग ने बादल फटने का भी अलर्ट जारी किया है।

पहलगाम की सड़कों पर भरा पानी- India TV Hindi
पहलगाम की सड़कों पर भरा पानी Image Source : PTI

पिछले कुछ घंटों में हुई जबरदस्त बारिश की वजह से दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में लिद्दर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इससे इस मशहूर टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर अचानक बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। बढ़ते पानी ने सड़कों के कई हिस्सों को डुबो दिया है, जिससे गाड़ियों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। इलाके में गाड़ी चलाना खतरनाक हो गया है। स्थानीय मौसम विभाग ने बादल फटने और लैंडस्लाइड होने की भी चेतावनी जारी की है।

मुख्य रास्तों पर बहने लगा पानी

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि लिद्दर नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी के कारण पानी मुख्य रास्तों पर बहने लगा, जिससे यात्रा करना मुश्किल हो गया और वाहन चालकों व पर्यटकों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया। जलस्तर में चिंताजनक बढ़ोतरी और सड़कों के डूबने से हुई दिक्कतों के बावजूद, अब तक किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर ढांचागत नुकसान की कोई खबर नहीं है।

लगातार बारिश से आम जनजीवन प्रभावित

भारी बारिश का असर सिर्फ पहलगाम तक ही सीमित नहीं रहा है। पड़ोसी जिलों कुलगाम और शोपियां में भी लगातार बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। जहां जलभराव और उससे जुड़ी परेशानियों ने रोजमर्रा की गतिविधियों और आवाजाही पर असर डाला है।

लैंडस्लाइड के साथ बादल फटने का भी खतरा

मौसम विभाग ने एक नया अलर्ट जारी किया है, जिसमें अगले 24 घंटों के दौरान कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश के साथ-साथ मडस्लाइड (कीचड़ खिसकने), लैंडस्लाइड (भूस्खलन) और बादल फटने का खतरा बढ़ने की चेतावनी दी गई है।

जारी किया गया अलर्ट

अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों, पर्यटकों और यात्रियों खासकर निचले या पहाड़ी इलाकों में रहने वालों से सतर्क रहने को कहा है। साथ ही नदी के किनारों और खतरनाक ढलानों के पास अनावश्यक यात्रा से बचने और आधिकारिक सलाह का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

स्थानीय प्रशासनिक टीमें बनाएं हैं नजर

आपातकालीन सेवाएं और स्थानीय प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि वे आपातकालीन संपर्क नंबर अपने पास रखें, क्योंकि मौसम का असर इलाके पर बना हुआ है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पाने के लिए इन नंबरों का इस्तेमाल करें।

ये भी पढ़ें: 

नेपाल के बाद अब कारगिल में बादल फटने से आया सैलाब, कीचड़-पत्थरों के तेज बहाव से मचा हड़कंप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।