1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. MBBS की पढ़ाई करने रूस गया रियासी का छात्र, 10 दिसंबर से लापता, बहन भी साथ थी, वह पूरी तरह सुरक्षित

MBBS की पढ़ाई करने रूस गया रियासी का छात्र, 10 दिसंबर से लापता, बहन भी साथ थी, वह पूरी तरह सुरक्षित

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 25, 2025 12:51 pm IST,  Updated : Dec 25, 2025 12:51 pm IST

लापता छात्र के परिवार ने प्रधानमंत्री से मदद की गुहार लगाई है। लापता छात्र की पहचान गौरव सिंह नाग के रूप में हुई है। वह तीन साल से रूस में रह रहा था। उसकी बहन भी साथ ही पढ़ती है और वह पूरी तरह सुरक्षित है।

Gaurav Singh Nag- India TV Hindi
रईसी का लापता छात्र गौरव (बाएं), बेटे की फोटो दिखाती मां (दाएं) Image Source : REPORTER INPUT

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले का एक छात्र के रूस में लापता हो गया है। यह छात्र एमबीबीएस की पढ़ाई करने गया था। लापता छात्र की पहचान गौरव सिंह नाग के रूप में हुई है, जो पिछले तीन वर्षों से रूस के यारोस्लाव-द-वाइज़ नोवगोरोड स्टेट यूनिवर्सिटी, वेलिकी नोवगोरोड में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार, 10 दिसंबर को गौरव अपने हॉस्टल के कमरे से अचानक लापता हो गया। उस दिन के बाद से उसका न तो परिवार से कोई संपर्क हो पाया है और न ही उसके दोस्तों या सहपाठियों को उसकी कोई जानकारी मिल सकी है। गौरव का मोबाइल फोन भी तभी से स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।

परिवार ने बताया कि गौरव अपनी बहन के साथ रूस गया था और दोनों वहीं एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे। राहत की बात यह है कि उसकी बहन पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन गौरव के अचानक गायब हो जाने से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने गौरव के दोस्तों, विश्वविद्यालय प्रशासन और अन्य माध्यमों से उसका पता लगाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

पीएम मोदी से मदद की गुहार

मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप करने और अपने लापता बेटे को सुरक्षित ढूंढने में मदद की अपील की है। इसके साथ ही परिवार ने रूस स्थित भारतीय दूतावास, रूसी प्रशासन और जम्मू-कश्मीर प्रशासन से भी संपर्क कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने रूस के वेलिकी नोवगोरोड और आसपास के इलाकों में रह रहे भारतीय छात्रों और नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को गौरव सिंह नाग के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो वह तुरंत संबंधित अधिकारियों या परिवार को सूचित करें।

परिजनों को सता रहा अनहोनी का डर

इस घटना के बाद रियासी जिले में भी माहौल चिंताजनक बना हुआ है। रिश्तेदारों, दोस्तों और स्थानीय लोगों में भारी बेचैनी देखी जा रही है और सभी गौरव की सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि खोज अभियान में तेजी लाई जाए और गौरव की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। फिलहाल, गौरव सिंह नाग का कोई सुराग नहीं लग पाया है और परिवार को हर बीतते दिन के साथ किसी अनहोनी का डर सता रहा है।

(रियासी से राही कपूर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

CRPF कैंप में घुस गया तेंदुआ, जवान को काटकर किया घायल, देखें डराने वाला Video

माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें, नए साल पर बदले यात्रा के नियम, चढ़ाई और वापसी की समय सीमा तय

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।