1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. गर्मी के महीने में ठंड का अहसास, बर्फ की सफेद चादर में ढका भारत का स्वर्ग, बर्फबारी का VIDEO देख आप भी कहेंगे- वाह

गर्मी के महीने में ठंड का अहसास, बर्फ की सफेद चादर में ढका भारत का स्वर्ग, बर्फबारी का VIDEO देख आप भी कहेंगे- वाह

 Reported By: Manzoor Mir Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 31, 2025 12:17 pm IST,  Updated : May 31, 2025 12:21 pm IST

जम्मू-कश्मीर को भारत का स्वर्ग कहा जाता है। गर्मी के मौसम में कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। इस ताजा बर्फबारी का वीडियो भी सामने आया है, जो कि काफी मनमोहक है।

कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी- India TV Hindi
कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी Image Source : INDIA TV GFX

भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मई के महीने में दिल्ली समेत कई राज्यों में पारा हाई हो जाता है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच जाता है। वहीं, इस बार देश के कई राज्यों में समय से पहले बारिश का दौर शुरू हो गया है। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। जम्मू-कश्मीर में भी बारिश के चलते मौसम सुहाना हो गया है।

कश्मीर के इन इलाकों में हो रही बर्फबारी

बारिश के बीच शनिवार की सुबह जम्मू-कश्मीर के कई ऊपरी इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई है। बांदीपोरा के राजदान टॉप पर करीब तीन इंच की बर्फबारी हुई है। जबकि पीर की गली में दो से तीन इंच बर्फबारी दर्ज की गई है। मीनामार्ग-द्रास इलाके में एक से दो इंच बर्फबारी हुई है। ज़ोजिला दर्रा में बर्फबारी की वजह से यातायात को भी रोक दिया गया है। इन सभी जगहों पर शनिवार सुबह से ही जमकर बर्फबारी हो रही है। 

बर्फ की सफेद चादर में ढके पहाड़

कश्मीर के सिंथन दर्रे पर भी बर्फबारी हुई है। कश्मीर के तापमान में काफी गिरावट आई है। ऐसे में माना जा रहा है कि घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और भी तेज हो सकती है। ऐसे में मई के महीने में कश्मीर के कई इलाके बर्फ की सफेद चादर ढक गए हैं। यहां आने वाले सैलानी मई के महीने में बर्फदारी देख कर बहुत खुश हो रहे हैं।

कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

स्थानीय मौसम विभाग के निदेशक डॉक्टर मुख्तार अहमद ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो रही है। उन्होंने पहले ही कहा था कि शनिवार को अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होगी। साथ ही कुछ ऊंचे इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। कुछ स्थानों बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।