कश्मीर: कश्मीर में आखिरकार कुदरत मेहरबान हो गई है। लंबे इंतजार के बाद कश्मीर में बर्फबारी हुई है, जिससे लोगों के चेहरे पर मुस्कान दिखाई देने लगी है। ऐसा इसलिए भी है क्योंकि बर्फ के बिना कश्मीर की खूबसूरती अधूरी मानी जाती है। कश्मीर के ऊपरी इलाकों में पिछले 4 दिनों में 4 फीट से ज्यादा बर्फबारी हुई है, जिससे कश्मीर की खूबसूरती एक बार फिर निखर कर सामने आई है।
Related Stories
चारों तरफ बर्फ ही बर्फ
श्रीनगर से करीब 45 किलोमीटर दूर बारामूला के एक गांव में खूब बर्फबारी देखी गई। इस वजह से कई रास्ते भी बंद हो गए। कुछ लोगों ने बर्फ हटाकर रास्ता बनाने की कोशिश की। प्रकृति की ये सुंदरता देखकर ऐसा लग रहा था कि जैसे कुदरत ने खुद धरती पर आकर इस जगह को सजाया हो। हालांकि बर्फबारी से ये गांव जितना खूबसूरत लग रहा है, उतना ही यहां के आम लोगों के लिए परेशानी भी खड़ी हो गई है। रास्ते बंद होने से आम लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने इंडिया टीवी को क्या बताया?
इंडिया टीवी से बात करते हुए आम लोगों ने बताया कि पिछले 2 महीने से सूखा था और लोग पानी की एक-एक बूंद का इंतजार कर रहे थे। हम दुआ कर रहे थे और आखिरकार हमारी दुआ कबूल हुई। यहां बर्फबारी हुई। गांव में रहने वाले लोगों के लिए बर्फबारी परेशानी का सबब जरूर बनती है लेकिन इस बर्फबारी का होना भी बहुत जरूरी था। हमें खुशी है कि बर्फबारी हुई और इससे आम लोगों, किसानों और पर्यटन को बहुत फायदा होगा।
बता दें कि यह गांव कश्मीर के खूबसूरत पर्यटन स्थल तंग मार्ग से सटा हुआ है। यहां के 80% लोग पर्यटन से जुड़े हैं। उनका कहना है कि सूखे के कारण कश्मीर वीरान नजर आ रहा था। पर्यटकों की संख्या भी कम हो गई थी, लेकिन बर्फबारी ने न सिर्फ कश्मीर की खूबसूरती बढ़ा दी है, बल्कि पर्यटकों की भीड़ भी बढ़ गई है। हम अल्लाह के शुक्रगुजार हैं कि कश्मीर में शुष्क मौसम खत्म हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण कश्मीर में अगले सप्ताह से फिर से मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों में भी बर्फबारी होने की संभावना है, जिससे उम्मीद है कि पिछले दो महीनों में सूखे के कारण जिन नदियों और झरनों में पानी कम हो गया था, उनमें फिर से पानी बहता नजर आ सकता है।