1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कटरा में दर्दनाक हादसा, प्रमुख सेवक मनोहर लाल बाबा को घसीटते हुए ले गई कार; CCTV फुटेज आया सामने

कटरा में दर्दनाक हादसा, प्रमुख सेवक मनोहर लाल बाबा को घसीटते हुए ले गई कार; CCTV फुटेज आया सामने

 Published : Dec 11, 2025 02:00 pm IST,  Updated : Dec 11, 2025 02:00 pm IST

कटरा में एक दर्दनाक हिट एंड रन घटना हुई, जहां तेज रफ्तार मारुति वैन ने सुर्गल बाबा देवी स्थान के प्रमुख सेवक मनोहर लाल बाबा को रौंदकर कई मीटर तक घसीटा। यह खौफनाक वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होकर वायरल हो गई है, जिससे लोगों में भारी गुस्सा है।

katra accident- India TV Hindi
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात। Image Source : REPORTER INPUT

जम्मू-कश्मीर के कटरा में लंबे समय से अवैध रूप से चल रही मारुति वैनों पर कार्रवाई की मांग को लेकर उठ रही आवाज एक बार फिर तेज हो गई है। बीती देर रात बिना परमिट तेज रफ़्तार से दौड़ रही मारुति वैन ने सुर्गल बाबा देवी स्थान के प्रमुख सेवक मनोहर लाल बाबा को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 3 बच्चियों से उनके पिता का साया छिन जाने की इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों व्याप्त है।

अवैध मारुति वैन की लापरवाही से बड़ी दुर्घटना

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हादसा रात लगभग 12 बजे उस समय हुआ जब मनोहर बाबा अपने स्थान से लौट रहे थे। उसी दौरान तेज गति से आई अवैध मारुति वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन चालक ने न तो निर्धारित रूट परमिट लिया था और न ही सुरक्षा नियमों का पालन किया गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

काफी समय से शिकायतें मिलने पर आरटीओ रियासी निसार खान ने 15 दिन पहले एक नोटिफिकेशन जारी कर कटरा में चल रही सभी मारुति वैनों को होटल प्रबंधन के अधीन कर नियमबद्ध संचालन का आदेश दिया था। लेकिन स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि आदेश के बावजूद कई चालक खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, और शहर में इन अवैध मारुति वैनों का कब्जा लगातार बढ़ता जा रहा है।

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग तेज

मनोहर बाबा की मौत के बाद लोगों में भारी रोष है। श्रद्धालु और स्थानीय निवासी प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि-

  1. अवैध रूप से चल रही सभी मारुति वैनों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई हो।
  2. दुर्घटना के दोषी चालक को गिरफ्तार कर सख्त दंड दिया जाए।
  3. कटरा शहर में अनियंत्रित निजी परिवहन व्यवस्था को शीघ्र नियमित किया जाए।
  4. सड़कों पर रात में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

लोगों ने कहा कि ईश्वर मनोहर बाबा की आत्मा को शांति दे। स्थानीय लोग अब प्रशासन से यह उम्मीद कर रहे हैं कि इस दर्दनाक घटना के बाद नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो।

यह भी पढ़ें-

ट्यूशन से लौट रहे 11 साल के बच्चे को बिजली विभाग की गाड़ी ने कुचला, सड़क पर बिखरे शरीर के टुकड़े, मां-बहन घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।