1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड में बीजेपी ने नेता प्रतिपक्ष के नाम का किया ऐलान, इस दिग्गज को मिली बड़ी जिम्मेदारी

झारखंड में बीजेपी ने नेता प्रतिपक्ष के नाम का किया ऐलान, इस दिग्गज को मिली बड़ी जिम्मेदारी

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Mar 06, 2025 04:45 pm IST,  Updated : Mar 06, 2025 07:33 pm IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को धनवार विधायक बाबूलाल मरांडी को झारखंड विधानसभा में अपने विधायक दल का नेता नियुक्त किया।

नेता प्रतिपक्ष चुने गए बाबूलाल मरांडी - India TV Hindi
नेता प्रतिपक्ष चुने गए बाबूलाल मरांडी Image Source : PTI

रांची: झारखंड में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को पार्टी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। गुरुवार को रांची में हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुना गया। जानकारी के अनुसार, मरांडी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। विधानसभा में सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के विधायक दल के नेता को नेता प्रतिपक्ष बनाया जाता है। 

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि विधायक अब मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के संबंध में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के कार्यालय को पत्र सौंपेंगे, जिसके बाद पार्टी अध्यक्ष को 81 सदस्यीय सदन में विपक्ष का नेता घोषित किया जायेगा। 

पीएम मोदी समेत बीजेपी आलाकमान का जताया आभार

नेता प्रतिपक्ष बनाये जाने पर बाबूलाल मरांडी ने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षक समेत पार्टी के सीनियर नेताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी की नीतियों एवं सिद्धांतों के साथ जनता की आवाज बनकर गरीब, दलित, शोषित, आदिवासी समाज के अधिकारों और उनकी समस्याओं को उठाने के लिए पूर्ण निष्ठा और क्षमता के साथ कार्य करूंगा।

विधायक दल की बैठक में दो केंद्रीय पर्यवेक्षक रहे मौजूद

इससे पहले भाजपा संसदीय बोर्ड ने बुधवार को पार्टी के विधायक दल के नेता के चुनाव की निगरानी के लिए दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों की घोषणा की थी। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण (सांसद) को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया था। 

कौन हैं बाबू लाल मरांडी

बाबूलाल मरांडी बीजेपी के सीनियर नेता हैं और राज्य के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। वह वर्तमान समय में झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष भी हैं। हालांकि नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ना पड़ सकता है। भाजपा के बाबूलाल मरांडी ने 2024 का राज्य विधानसभा चुनाव धनवार निर्वाचन क्षेत्र से लड़ा और 35,438 मतों से सीट जीती। वह मुख्यमंत्री बनने के प्रबल दावेदारों में शुमार थे। 

बता दें कि सत्तारूढ़ ‘इंडिया’ गठबंधन के पास 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में 56 विधायक हैं जिनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 34, कांग्रेस के 16, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के चार और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के दो विधायक शामिल हैं। भाजपा के 21 सदस्य हैं और आजसू पार्टी, जद (यू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के एक-एक विधायक हैं।

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।