Sunday, March 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड विधानसभा में अंधेरे के बीच विपक्ष का धरना, गमछा बिछाकर लेटे; मनाने पहुंचे CM की भी नहीं सुनी

झारखंड विधानसभा में अंधेरे के बीच विपक्ष का धरना, गमछा बिछाकर लेटे; मनाने पहुंचे CM की भी नहीं सुनी

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2 Published : Jul 31, 2024 09:01 pm IST, Updated : Jul 31, 2024 09:08 pm IST

झारखंड भाजपा के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने एक वीडियो जारी कर सरकार पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि धरना देने को बाध्य हुए भाजपा-आजसू के विधायकों को बंधक बना लिया गया। बिजली काट दी गई। एसी बंद कर दिया गया। पीने का पानी नहीं दिया जा रहा है।

jharkhand assembly- India TV Hindi
Image Source : IANS झारखंड विधानसभा में धरने पर बैठे बीजेपी और आजसू विधायक

रांची: झारखंड विधानसभा में भाजपा और आजसू के 18 विधायक सदन के वेल में 6 घंटे से धरने पर हैं। सदन में घुप्प अंधेरा है। बिजली काट दी गई है और एसी बंद कर दिया गया है। यहां मौजूद विधायकों में कोई फर्श पर लेटा है तो कोई बैठा है। इसी बीच शाम 6.20 बजे सीएम हेमंत सोरेन विधायकों को मनाने पहुंचे। लेकिन, उन्होंने सदन छोड़कर बाहर आने से इनकार कर दिया। भाजपा-आजसू के विधायकों की मांग है कि उन्होंने सदन में युवाओं की नौकरी, अनुबंध पर काम करने वालों के स्थायीकरण जैसे मुद्दों पर जो सवाल उठाया है, उस पर सीएम जब तक सदन में जवाब नहीं देते, वे यहीं डटे रहेंगे।

हेमंत सोरेन ने की धरना खत्म करने की अपील

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन ने उनसे धरना खत्म करने की अपील की, लेकिन उनकी मांग पर कोई ठोस बात नहीं कही। ऐसे में भाजपा-आजसू के तमाम विधायक पूरी रात सदन में इसी हाल में रहेंगे। गुरुवार को दिन के 11 बजे जब सदन शुरू होगा, तब भी वह इसी हाल में यहां रहेंगे।

इधर, झारखंड भाजपा के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने एक वीडियो जारी कर सरकार पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, "भाजपा विधायकों ने अनुबंध कर्मियों का विषय उठाया तो सदन को स्थगित कर दिया गया। इस पर धरना देने को बाध्य हुए भाजपा-आजसू के विधायकों को बंधक बना लिया गया। बिजली काट दी गई। एसी बंद कर दिया गया। पीने का पानी नहीं दिया जा रहा है। वॉशरूम नहीं जाने दिया जा रहा है। चारों तरफ मार्शल लगा दिए गए हैं। यह तानाशाही है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।"

क्यों धरना दे रहे विधायक?

दरअसल, झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने बुधवार को सदन में दूसरी पाली की कार्यवाही के दौरान युवाओं की नौकरी, अनुबंध पर काम करने वालों से जुड़ा विषय उठाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान सरकार ने युवाओं, शिक्षकों, होमगार्ड, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, अराजपत्रित कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों से जो वादे किए थे, उन्हें भूला दिया गया है। हम सीधे सीएम से इस मामले में तत्काल जवाब चाहते हैं। यह मौजूदा विधानसभा का आखिरी सत्र है और सीएम इस सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को सबसे अंत में जवाब देंगे तो विपक्ष को वस्तुस्थिति और अपना पक्ष रखने का वक्त नहीं मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जब तक सीएम जवाब नहीं देते, हम सदन में डटे रहेंगे। हमें पूरी रात और अगले दिन भी सदन में रहना पड़े तो रहेंगे। (IANS इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

'हेमंत सोरेन के पांच महीने कौन लौटाएगा?', झारखंड विधानसभा में बोलीं कल्पना सोरेन

पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष कुमार गंगवार बने झारखंड के नए राज्यपाल, 12वें गवर्नर के रूप में ली शपथ

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement