1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. Dhanwar Assembly Election 2024: धनवार में बीजेपी की प्रतिष्ठा दांव पर, चुनावी मैदान में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी

Dhanwar Assembly Election 2024: धनवार में बीजेपी की प्रतिष्ठा दांव पर, चुनावी मैदान में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 23, 2024 07:07 pm IST,  Updated : Oct 23, 2024 07:11 pm IST

Jharkhand Assembly Election 2024: हाई प्रोफाइल विधानसभा सीट धनवार में दूसरे चरण में 20 नवंबर को वोटिंग होगी। धनवार से झारखंड के पहले मख्यमंत्री और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं।

धनवार विधानसभा चुनाव- India TV Hindi
धनवार विधानसभा चुनाव

Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे। राज्य की सभी 81 विधानसभा सीटों पर 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा और नतीजे 23 नवंबर को घोषित होंगे। इसी क्रम में राज्य की एक हाई प्रोफाइल विधानसभा सीट धनवार की बात करें तो यहां पर दूसरे चरण में 20 नवंबर को वोटिंग होगी। धनवार झारखंड के गिरिडीह जिले का एक विधानसभा क्षेत्र है। यह कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस सीट के विधायक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी हैं, जो झारखंड के पहले मख्यमंत्री भी रहे हैं। यह क्षेत्र बाबूलाल मरांडी का गृह क्षेत्र भी है।

बीजेपी में लौटे बाबूलाल मरांडी 

2019 के विधानसभा चुनाव में बाबूलाल मरांडी झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष थे। उन्होंने झारखंड विकास मोर्चा के टिकट पर धनवार से चुनाव जीता था। बाद में फरवरी 2020 में बाबूलाल मरांडी बीजेपी में शामिल हो गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी पार्टी झारखंड विकास मोर्चा का भी बीजेपी में विलय कर दिया था। साल 2006 में बाबूलाल मरांडी ने बीजेपी में मतभेद होने के बाद पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और झारखंड विकास मोर्चा का गठन कर अलग पार्टी बना ली थी। उनके साथ पांच बीजेपी के विधायकों ने भी पार्टी से इस्तीफा दिया था और झारखंड विकास मोर्चा में शामिल हो गए थे। इसके बाद 2020 में 14 साल बाद एक बार फिर से बाबूलाल मरांडी ने पुरानी पार्टी में लौटने का फैसला किया।

क्या रहे पिछले चुनाव के नतीजे?

2019 के विधानसभा चुनाव में धनवार से बाबूलाल मरांडी ने 52352 वोट के साथ जीत हासिल की थी, जबकि बीजेपी के लक्ष्मण प्रसाद सिंह को 34802 वोट मिले थे। साल 2014 में जीत दर्ज करने वाले भाकपा माले नेता राजकुमार यादव तीसरे स्थान पर रहे थे। चुनाव में राजकुमार को 32245 वोट मिले थे। इसी तरह चौथे स्थान पर निर्दलीय अनूप कुमार सोंथालिया रहे थे। उन्हें 22624 वोट मिले थे, जबकि झामुमो की टिकट पर लड़े निजामुद्दीन अंसारी एआईएमआईएम के प्रत्याशी मोहम्मद दानिश से भी नीचे रहे थे। एआईएमआईएम के प्रत्याशी मोहम्मद दानिश 15416 वोट लाकर पांचवें स्थान तो जेएमएम के निजामुद्दीन को 14432 वोट मिले थे। 2014 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन केराजकुमार यादव, 2009 में झारखंड विकास मोर्चा से निजामुद्दीन अंसारी, जबकि 2000 और 2005 में बीजेपी के रवींद्र कुमार राय ने इस सीट से जीत दर्ज की थी।

43 सीटों पर पहले चरण में चुनाव

बता दें कि विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दल झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 एक साथ लड़ेंगे, जिसमें कांग्रेस और झामुमो 81 में से 70 सीट पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि बाकी 11 सीट पर आरजेडी एवं वामपंथी दल चुनाव लड़ेंगे। वहीं, एनडीए गठबंधन में शामिल दलों में बीजेपी 68 सीट पर चुनाव लड़ेगी, ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी 10, जनता दल (यूनाइटेड) (जद-यू) दो और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। झारखंड के 43 विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई, जो 25 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इन क्षेत्रों में पहले चरण में 13 नवंबर को मतदान होना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।