1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. रांची में बारातियों से भरी बस में दौड़ा करंट, 3 की मौत, 6 लोग झुलसे

रांची में बारातियों से भरी बस में दौड़ा करंट, 3 की मौत, 6 लोग झुलसे

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 15, 2024 12:31 pm IST,  Updated : Jul 15, 2024 12:31 pm IST

रांची में बारातियों से भरी एक बस में बिजली करंट प्रवाहित होने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में छह लोग झुलस गए। लोगों को इलाज के लिए रिम्स, रांची लाया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

झारखंड की राजधानी रांची में हादसा हो गया। शहर के तमाड़ थाना क्षेत्र में बारातियों से भरी एक बस में बिजली करंट प्रवाहित होने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग झुलस गए। झुलसे लोगों को इलाज के लिए रिम्स, रांची लाया गया है। हादसा रविवार देर रात का है। बताया गया कि झारखंड के सरायकेला जिले के कुचई थाना क्षेत्र से बारात बस तमाड़ थाना क्षेत्र के चोगागुटू गांव जा रही थी। 

बस की छत पर बैठे थे लोग

बताया जा रहा है कि बाराज जाने के दौरान कई लोग बस की छत पर बैठे थे। गांव की सीमा के ठीक पहले बस नीचे की तरफ झूल रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गई और पूरी बस में करंट दौड़ गया। बस की छत पर बैठे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 12 साल का बच्चा भी शामिल है। हादसे में जान गंवाने वालों के नाम- दिनेश सिंह मुंडा (36), मंडा मुंडा (25) और जितेन सिंह मुंडा (12) है। 

क्षमता से अधिक लोग बैठे थे

वहीं, झुलसे लोगों में लंबार मुंडा, शंकर मुंडा, सुभाष मुंडा, उपेन मुंडा और चरण मुंडा शामिल हैं। बस पर सवार कई अन्य लोगों को झटके लगे और चीख-पुकार मच गई। तत्काल बस को रोक कर उस पर सवार लोगों को सुरक्षित उतारा गया। बताया गया कि 55 लोगों की क्षमता वाली बस में 80 से 90 लोग सवार थे। बस की छत पर भी 20 से ज्यादा लोग बैठे थे। (IANS)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।