1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. चाईबासा: नक्सली संगठन भाकपा के दो माओवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और गोला- बारूद बरामद

चाईबासा: नक्सली संगठन भाकपा के दो माओवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और गोला- बारूद बरामद

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 18, 2025 10:01 pm IST,  Updated : Oct 18, 2025 10:01 pm IST

नक्सलियों ने 9 और 10 अक्टूबर को ब्लास्ट कर पुलिया को उड़ा दिया था। नक्सली हमले में कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। एक कोबरा कमांडो की मौत भी हुई थी।

Naxalites Surrender- India TV Hindi
पुलिस की गिरफ्त में नक्सली Image Source : REPORTER INPUT

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल से नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के दो सक्रिय सदस्यों को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि छोटानागरा थाना क्षेत्र के राखामाटी के पास 9 और 10 अक्टूबर को नक्सलियों द्वारा पुलिया को आईईडी ब्लास्ट कर उड़ाया गया था। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों के बारे में सुराग मिला। तत्पश्चात छापेमारी कर दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। 

एसपी ने कहा कि जांच अभी जारी है और इस घटना में शामिल अन्य नक्सलियों की भी पहचान की जा रही है। उन्होंने नक्सली संगठनों से जुड़े लोगों से अपील की कि वे मुख्यधारा में लौटें और झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र से सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के छिपाए गए भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद किए हैं। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान यह सफलता पुलिस, सीआरपीएफ 174 बटालियन और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम को मिली है। पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जेटेया थाना क्षेत्र के बुरूबोड़ता जंगल में सर्च अभियान चलाया गया।

इंसास राइफल, 460 जिंदा कारतूस मिले

17 अक्टूबर को अभियान के दौरान बम निरोधक दस्ते की सहायता से इलाके से बड़ी मात्रा में हथियार और अन्य नक्सली सामान बरामद किया गया। बरामद सामानों में एक इंसास राइफल, 460 जिंदा कारतूस, चार इंसास राइफल के मैगजीन, दो एसएलआर मैगजीन, दो राइफल मैगजीन, नौ खाली चार्जर, दो सीलिंग सिरिंज, पिट्ठू बैग, कंबल, नक्सली पर्चे, नोटबुक और दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं।

पुलिस का बयान

एसपी अमित रेनू ने बताया कि नक्सली इन हथियारों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की योजना में कर सकते थे। उन्होंने कहा कि नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है और जल्द ही और भी सफलता मिलने की संभावना है। पुलिस अधीक्षक ने नक्सलियों से अपील की कि वे झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर मुख्यधारा में लौट आएं और सामान्य जीवन जिएं।

(चाईबासा से गंगाधर पांडे की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

BJP प्रत्याशी ने घाटशिला सीट के लिए किया नामांकन, JMM के खिलााफ बाबूलाल सोरेन ने ठोकी ताल

परिवार ने 18 साल की बेटी की हत्या कर चुपचाप दफनाया, पुलिस ने कब्र से निकाला शव

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।