1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. पेट्रोल डालकर चचेरे भाइयों पर लगा दी आग, बाजार के चौराहे पर हुई घटना, JMM का नेता बताया जा रहा आरोपी

पेट्रोल डालकर चचेरे भाइयों पर लगा दी आग, बाजार के चौराहे पर हुई घटना, JMM का नेता बताया जा रहा आरोपी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 29, 2026 05:28 pm IST,  Updated : Jan 29, 2026 05:28 pm IST

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना में कुल तीन लोग जल गए हैं, उनका इलाज किया जा रहा है। इनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

Victim brother- India TV Hindi
पीड़ितों के भाई ने अपना दर्द बताया Image Source : REPORTER INPUT

झारखंड के धनबाद में एक व्यक्ति ने अपने दो चचेरे भाइयों पर पेट्रोल डालकर उन्हें आग के हवाले कर दिया। घटना जोरापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह मुहल्ले में हुई। भरे चौराहे में जल रहे दो लोगों को बचाने की कोशिश में तीसरा व्यक्ति भी जल गया, लेकिन वह दोनों के शरीर में लगी आग बुझाने में सफल रहा। आग में जलने वाले तीनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमला करने वाला व्यक्ति झारखंड मुक्ति मोर्चा का नेता बताया जा रहा है।

मामला जमीन विवाद का है। जहां धनबाद के जोरापोखर थाना क्षेत्र में खौफनाक रूप ले लिया। झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े कथित नेता मदन राम ने देर रात डिगवाडीह मुहल्ले में अपने ही चचेरे भाइयों उत्सव राम और विवेक राम पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का खौफनाक प्रयास किया। इन दोनों को बचाने के प्रयास में पड़ोसी विनायक गुप्ता भी बुरी तरह झुलस गया। इनमें उत्सव राम की हालत सबसे गंभीर बनी हुई है। घटनास्थल पर खून और पेट्रोल की दुर्गंध फैली रही, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

विवाद की जड़: पुरानी जमीन की लड़ाई

यह घटना लंबे समय से चली आ रही जमीन विवाद का नतीजा बताई जा रही है। चचेरे भाइयों के अनुसार, डिगवाडीह बाजार में बेसकीमती 2 एकड़ जमीन को लेकर मदन राम और उसके चचेरे भाइयों के बीच सालों से तनातनी चल रही थी। कई बार पंचायतें हुईं, लेकिन कोई हल नहीं निकला। पीड़ित उत्सव राम ने बताया, "रात करीब 11 बजे मदन भैया गुस्से में आ धमके। बहस होते ही उसने पेट्रोल की बोतल निकाली और हमारे ऊपर उड़ेलकर आग लगा दी। सामने पुलिस भी थी। हमें जलता देख लोगो ने अस्पताल पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शी और परिवार का दर्द

पीड़ित पक्ष का कहना है, "हम बाजार के मोड़ पर खड़े थे तभी मदन राम भैया वहां पहुंचे और एक दुकान में रखे पेट्रोल का कैन हम पर उड़ेल दिए और लाइटर से आग लगा दी। उन्होंने चिल्लाते हुए कहा, 'आज सब खत्म कर दूंगा!' हम भागने लगे, लेकिन आग लग गई। मेरे हाथ-पैर जल गए।" डॉक्टर का कहना है कि 50% बर्न्स हैं। अगर देर होती तो जान जा सकती थी।"

पुलिस की कार्रवाई

जोरापोखर थाने की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। एसपी धनबाद ने बताया, "आरोपी मदन राम फरार है, लेकिन जल्द गिरफ्तार कर लेंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा से उसका संबंध जांच का विषय है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच जांच में जुट गयी है। घटना के बाद बाजार में तनाव का माहौल कायम है और लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। डर के माहौल में बाजार की अधिकतर दुकानें बंद रहीं। लोगों का कहना है, ऐसे राजनीतिक प्रभाव वाले विवादों में कानून का डर कम होता जा रहा है। हालांकि, धनबाद पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है और आरोपी दबंग जेएमएम नेता की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।

(धनबाद से कुंदन सिंह की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

बार का रास्ता बंद, कल से कोर्ट ठप! अधिवक्ताओं ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया ऐलान

झारखंड नगर पालिका चुनावों का ऐलान, जानिए कब होगी वोटिंग और कब आएंगे नतीजे?

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।