1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से पांच की मौत, छह घायल, गढ़वा और हजारीबाग में हुई घटनाएं

झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से पांच की मौत, छह घायल, गढ़वा और हजारीबाग में हुई घटनाएं

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 19, 2025 10:11 pm IST,  Updated : May 19, 2025 10:11 pm IST

झारखंड में पिछले सप्ताह चाईबासा में नक्सल रोधी अभियान के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 46 वर्षीय कर्मी की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे।

lightning- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : INDIA TV

झारखंड के दो जिलों में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से पांच व्यक्तियों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि गढ़वा जिले में तीन व्यक्तियों की और हजारीबाग में दो व्यक्तियों की मौत की सूचना है। मौसम विभाग ने झारखंड के कुछ हिस्सों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया था। पिछले सप्ताह चाईबासा में नक्सल रोधी अभियान के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 46 वर्षीय कर्मी की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे। 

झारखंड से सटे पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में सोमवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल में आने वाले दिनों में भी भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसका असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है और यहां भी आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान भी आकाशीय बिजली का खतरा रहेगा।

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के कई जिलों में 22 मई तक आंधी और भारी वर्षा का अनुमान जताया। मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब से उत्तर बांग्लादेश तक बना पूर्व-पश्चिम ‘ट्रफ’ (कम दबाव का क्षेत्र), हवा का अनुकूल पैटर्न और बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवेश इस बढ़ी हुई वर्षा का कारण होगा। मौसम विभाग ने कहा कि 22 मई तक विभिन्न दिनों में उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कूचबिहार, मालदा और उत्तर दिनाजपुर जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने कहा कि पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, मुर्शिदाबाद, नदिया और पश्चिम वर्धमान समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 

रायगंज में 187 मिमी बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों में उत्तर बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर दिनाजपुर के जिला मुख्यालय रायगंज में 187 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि दक्षिण बंगाल के कैनिंग में इस अवधि के दौरान 53 मिमी बारिश दर्ज की गई। (इनपुट- पीटीआई भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।