1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड चुनाव: सत्ता में बीजेपी के आने पर 1.50 लाख नौकरियों का वादा, बीजेपी नेता का बड़ा बयान

झारखंड चुनाव: सत्ता में बीजेपी के आने पर 1.50 लाख नौकरियों का वादा, बीजेपी नेता का बड़ा बयान

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 24, 2024 09:01 pm IST,  Updated : Oct 24, 2024 09:01 pm IST

हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि झारखंड में बीजेपी सत्ता में आती है तो वह डेढ़ लाख नौकरियां क्रिएट करेगी। साथ ही उन्होंने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और खनिजों के दोहन का आरोप लगाया।

हिमंत बिस्वा सरमा- India TV Hindi
हिमंत बिस्वा सरमा Image Source : PTI

बीजेपी के झारखंड चुनाव सह-प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को वादा किया कि अगर झारखंड विधानसभा चुनाव में बीजेपी सत्ता में आती है तो वह डेढ़ लाख नौकरियां क्रिएट करेगी। पार्टी उम्मीदवार पोटका सीट से मीरा मुंडा और जमशेदपुर पूर्व से पूर्णिमा दास साहू, जेडीयू उम्मीदवार जमशेदपुर पश्चिम से सरयू रॉय और जुगसलाई सीट से आजसू पार्टी के रामचंद्र साहिश के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने ये वादा किया। हिमंत बिस्वा ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और खनिजों के दोहन का आरोप लगाया।

झारखंड की स्थिति चिंताजनक है: असम CM

बीजेपी के राज्य चुनाव सह-प्रभारी ने कहा कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं सहित हाल में प्रश्नपत्रों के लीक होने की सीबीआई जांच शुरू की जाएगी। उन्होंने ने कहा, "मैंने विभिन्न राज्यों का दौरा किया है और उनकी सरकारों को देखा है, लेकिन झारखंड की स्थिति चिंताजनक है, क्योंकि यहां लगातार प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं।" उन्होंने झारखंड सरकार पर आवश्यक सेवाएं प्रदान करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रशासन को घुसपैठियों, माफिया और दलालों द्वारा चलाया जा रहा है। असम के सीएम ने आरोप लगाया कि सोरेन सरकार जन कल्याण से ज्यादा निजी हितों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी हिंदुओं, आदिवासियों और गरीबों का प्रतिनिधित्व करेगी। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो एक साल में डेढ़ लाख नौकरियां पैदा की जाएंगी।

बीजेपी और सहयोगी दलों को वोट देने की अपील

असम के मुख्यमंत्री ने कहा, "हमने हरियाणा, असम और मध्य प्रदेश में ऐसा किया है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व यह सुनिश्चित करता है कि वादे पूरे हों। उन्होंने कथित बांग्लादेशी घुसपैठ के कारण झारखंड की बदलती जनसांख्यिकी पर चिंता जाहिर की और इस मुद्दे को हल करने में नाकाम रहने के लिए सोरेन सरकार की आलोचना की। सरमा ने बुधवार को कहा था कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो पलामू जिले के हुसैनाबाद उप-मंडल को जिला बनाया जाएगा और इसका नाम बदलकर भगवान राम या कृष्ण के नाम पर रखा जाएगा। बिस्वा ने जनता से भ्रष्ट सोरेन सरकार को हटाने और राज्य के समग्र विकास के लिए बीजेपी, उसके सहयोगी दलों जेडीयू और आजसू पार्टी को वोट देने की अपील की। (भाषा)

ये भी पढ़ें-

UP उपचुनाव: कांग्रेस के इनकार के बाद SP ने बाकी बची 3 सीटों पर भी उतारे उम्मीदवार

कार के बोनट पर 100 मीटर तक ट्रैफिक कांस्टेबल को घसीटा- देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।