1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. दोस्त ने दोस्त को मार डाला! शराब के नशे में छूटी गोली, देवदास की दर्दनाक मौत

दोस्त ने दोस्त को मार डाला! शराब के नशे में छूटी गोली, देवदास की दर्दनाक मौत

 Published : Jun 17, 2026 08:42 am IST,  Updated : Jun 17, 2026 08:42 am IST

जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र के खड़िया बस्ती में मंगलवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। गोली लगने से घायल राजनगर निवासी देवदास गौड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है।

उलीडीह गोलीकांड में...- India TV Hindi
उलीडीह गोलीकांड में घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। Image Source : REPORTER INPUT

जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित खड़िया बस्ती में मंगलवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर के बैठकल शही निवासी देवदास गौड़ के रूप में हुई है। गोली उसकी गर्दन में लगी थी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे देर रात इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

3 हिरासत में, दोस्त देवाशीष निकला मुख्य आरोपी

घटना के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले उसके साथी देवाशीष पोद्दार, नीरज प्रधान और आरआईटी थाना में पदस्थापित ASI पंकज कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना खड़िया बस्ती में हुई थी और आपसी विवाद के दौरान देवाशीष पोद्दार ने ही देवदास गौड़ पर गोली चलाई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार घटना के समय सभी लोग शराब के नशे में थे। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ने के बाद देवाशीष ने देवदास पर फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

देसी कट्टा बरामद

घटनास्थल से पुलिस ने चार ग्लास, खून के निशान समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। इन साक्ष्यों से संकेत मिलता है कि घटना से पहले सभी लोग एक साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। वहीं आरोपी देवाशीष पोद्दार की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस को कपाली क्षेत्र से कुछ जमीन संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि जमीन के कागजात और विवाद का इस घटना से कोई संबंध है या नहीं।

बार-बार बयान बदल रहे थे आरोपी

उलीडीह थाना प्रभारी मोहम्मद शरिक अली ने बताया कि मामले में शामिल सभी लोग लगातार अपने बयान बदल रहे थे और घटना के समय नशे की हालत में थे। पुलिस को जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह और घटना के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है।

देवदास के भाई ने क्या बताया?

देवदास के भाई बबलू प्रधान ने बताया कि कल अपने दोस्त के साथ करीब 4:00 बजे घर से निकला था देर रात होने के बाद जब उसके घर वालों ने उसके मोबाइल पर संपर्क साधा तो उसके दोस्तों ने सिर्फ बताया कि आ रहे हैं। वह आदित्यपुर की किसी कंपनी में काम करता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

(रिपोर्ट- गंगाधर पांडे)

यह भी पढ़ें-

31 वार और थम गईं सांसें, बचने के लिए मंदिर से गुरुद्वारे तक भागता रहा बुजुर्ग ट्रस्टी; CCTV में कैद बर्बरता

सीक्रेट शादी, जहर पीने का समझौता और फिर हत्या; 22 साल की भवानी की दर्दनाक मौत, BF ने रचा सुसाइड का ढोंग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।