झारखंड के जमशेदपुर में मईया सम्मान योजना के फॉर्म 50 रुपये में बेचे जाने का मामला सामने आया है, जबकि ये फॉर्म सरकार की तरफ से निशुल्क वितरित किए जाते हैं। फॉर्म भरने के बाद पात्र महिलाओं के खाते में पैसे भी आते हैं। हालांकि, एक कैम्प में इस योजना के फॉर्म बांटे गए। बाद में बवाल हुआ तो नगर निगम सीईओ को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद सीईओ मौके पर पहुंचे और सभी के पैसे वापस कराए।
सोमवार को झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी पहल आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत मानगो के राजस्थान भवन में कैम्प लगाया गया। इसी दौरान यह घटना हुई। कैम्प में मईया सम्मान योजना का फॉर्म 50 रुपये में बेचे जाने की शिकायत सामने आई। कैंप में भारी संख्या में महिलाएं पहुंची थीं, जिनमें से कई ने पैसे देकर फॉर्म भी खरीद लिया था।
लोगों ने लगाए गंभीर आरोप
एक व्यक्ति जब आवेदन जमा कराने के लिए पहुंचा, तो उसे पता चला कि फॉर्म मुफ्त होने के बावजूद ₹50 वसूले जा रहे हैं। उसने इसका विरोध किया और तत्काल इसकी जानकारी मानगो नगर निगम के सीईओ को दी। सूचना मिलते ही सीईओ दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे, जांच की और फॉर्म बेचने में शामिल लोगों से रुपये वापस कराए। महिलाओं को उनके दिए पैसे लौटा दिए गए। मौके पर मौजूद महिलाओं ने बताया कि उन्हें लगा कि यह सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क है, इसलिए उन्होंने बिना विरोध पैसे जमा कर दिए। वहीं कुछ लाभुकों ने आरोप लगाया कि यह पहले से सुनियोजित वसूली थी।
क्या है मईया सम्मान योजना
मंईया सम्मान योजना के तहत 21-50 वर्ष की गरीब महिलाओं को हर महीने ₹2,500 सीधे बैंक खाते में मिलते हैं। 2024 में शुरु हुई इस योजना की शुरुआती राशि ₹1,000 रुपये थी। हालांकि, दोबारा चुनाव जीतने पर हेमंतो सोरेने नए इसे बढ़ाकर ₹2,500 कर दिया। लगभग 45 लाख महिलाएं इस योजना का लात्र ले रही हैं। झारखंड की स्थायी निवासी, जो कोई सरकारी पेंशन न ले रही हो, वह इस योजना का लाभ ले सकती है। हालांकि, एक परिवार से एक ही महिला पेंशन ले सकती है। आवेदन पंचायत, आंगनवाड़ी के जरिए किया जा सकता है। आधार, बैंक पासबुक, जाति-आय प्रमाण पत्र जरूरी। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है।
(जमशेदपुर से गंगाधर पांडे की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
दुमका: घर में एक साथ मिला चार लोगों का शव, पत्नी और दो बच्चों की हत्या के बाद शख्स ने किया सुसाइड
झारखंडः इन जिलों के रिहायशी इलाकों में घुसा हाथियों का झुंड, दो लोगों को मार डाला; धारा 163 लागू