दुमका: झारखंड के दुमका जिले से सुबह-सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रविवार की सुबह-सुबह एक साथ चार लोगों का शव बरामद किया गया। एक ही घर में पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की लाश मिलने की वजह से पूरे गांव में मातम पसर गया। आशंका जताई जा रही है कि परिवार के मुखिया ने अपनी पत्नी और दो बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। फिलहाल घटना के पीछे कारणों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चार लोगों को शव मिलने से पसरा मातम
दरअसल, पूरा मामला दुमका जिले के हंसडीहा पुलिस थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां के बरदाही गांव में एक साथ चार लोगों का शव बरामद किया गया है। हंसडीहा पुलिस थाने के प्रभारी ताराचंद ने कहा, “हमने घर से चार शव बरामद किये हैं। शुरुआती जांच से पता चलता है कि व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बच्चों का कथित तौर पर गला घोंट दिया और फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।” उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान वीरेंद्र मांझी (30), उनकी पत्नी आरती कुमारी (26), उनकी बेटी रूही कुमारी (4) और बेटे विराज कुमार (2) के रूप में हुई है।
डंपर के नीचे दबकर तीन की मौत
इससे पहले सरायकेला-खरसावां जिले में शनिवार को एक अन्य घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। यहां लोहे से लदा एक डंपर ई-रिक्शा पर गिर गया। डंपर के नीचे दब जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी हो गया। घटना राजनगर थाना क्षेत्र के चलियामा की बताई जा रही है। राजनगर पुलिस थाना के प्रभारी चंचल कुमार ने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया। घायलों में से एक की अस्पताल में मौत हो गई। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
नैनीताल में 60 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 3 बारातियों की हुई दर्दनाक मौत; एक घायल
दुकान में खड़े-खड़े शख्स को आया हार्ट अटैक, हुई मौत; सामने आया CCTV फुटेज