रांची: झारखंड के चतरा जिले में माओवादियों के नाम पर फिरौती के लिए किए गए अपहरण की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। इस कार्रवाई में 2 महिलाओं समेत कुल 6 लोगों को बदमाशों के चंगुल से सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने मौके से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान शुक्रवार रात सिमरिया थाना क्षेत्र के हड़गड़ी जंगल में पुलिस और आरोपियों के बीच संक्षिप्त मुठभेड़ भी हुई।
'बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर रखा गया'
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने माओवादियों के नाम पर लोगों को डराकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने टंडवा थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव से 6 लोगों का अपहरण किया था। उन्हें हड़गड़ी जंगल में बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर रखा गया और उनकी रिहाई के बदले एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही थी। सिमरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने बताया, 'सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद 2 महिलाओं समेत सभी 6 बंधकों को सुरक्षित मुक्त करा लिया।'
गिरफ्तार आरोपियों के पास मिले हथियार
भाऊसाहेब ने बताया, 'इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 3 अन्य को हिरासत में लिया गया है।' गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय रमेश कुमार गंझू और 19 वर्षीय सतीश कुमार गंझू के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 3 बंदूकें, पिस्तौल जैसा दिखने वाला एक लाइटर, एक चाकू और पीड़ितों से लूटे गए 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने 2 से 3 बार गोलीबारी की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, हालांकि दोनों ओर से किसी को गोली नहीं लगी।
आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
थाना प्रभारी ने बताया कि सभी 6 पीड़ितों में से 5 तेलियाडीह गांव के निवासी हैं, जबकि एक महिला हजारीबाग जिले के गोबड़ा गांव की रहने वाली है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें:
रांची में RSS दफ्तर पर पेट्रोल बम हमले की पड़ताल तेज, ATS को सौंपी गई जांच; अब तक हुए ये बड़े खुलासे
दोस्त ने दोस्त को मार डाला! शराब के नशे में छूटी गोली, देवदास की दर्दनाक मौत