1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. गणतंत्र दिवस पर झारखंड में छाया रहेगा कोहरा, फिर बढ़ने वाली है ठंड

गणतंत्र दिवस पर झारखंड में छाया रहेगा कोहरा, फिर बढ़ने वाली है ठंड

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 25, 2025 09:57 pm IST,  Updated : Jan 25, 2025 09:57 pm IST

झारखंड में फिर से ठंड बढ़ने के आसार हैं। वहीं, 26 जनवरी की सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है। ठंडी हवा चलने से अलग-अलग जगहों पर तीन से पांच डिग्री तक पारा गिर सकता है।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

झारखंड में 26 जनवरी से ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने यहां गणतंत्र दिवस की सुबह कोहरे का अनुमान लगाया है। वहीं, पूरे दिन धीमी गति से ठंडी हवा चलेगी। इससे पूरे राज्य में तापमान कम होगा। अलग-अलग जगहों पर तीन से पांच डिग्री तक तापमान में गिरावट आ सकती है। तापमान गिरने की शुरुआत झारखंड के उत्तरी इलाकों से होगी और धीरे-धीरे पूरे राज्य में ठंड बढ़ेगी। इस दौरान बादल छाए रह सकते हैं। 

दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर हो सकता है। ऐसे में दिन के समय ज्यादा ठंड नहीं होगी, लेकिन रात के समय तापामान काफी ज्यादा गिर सकता है। रांची, बोकारो, हजारीबाग सहित झारखंड के छह जिलों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान में होगी गिरावट

पिछले 24 घंटों में झारखंड का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री रहा। चतरा सबसे ठंडा शहर रहा। हालांकि, आने वाले दिनों में सभी जगहों पर पारा गिरेगा। मौसम विभाग ने बदलते मौसम के बीच सावधान रहने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि ठंड के कपड़े पहनना न बंद करें और खान-पान पर विशेष ध्यान दें। मौसम बदलने पर इम्यूनिटी कमजोर होती है। इससे बीमारी का खतरा बढ़ जाता है।

10 डिग्री तक आ सकता है रांची का तापमान

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, रांची का न्यूनतम तापमान 26 जनवरी को 10 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। सर्दी को देखते हुए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अल्बर्ट एक्का चौक, काली मंदिर चौक, डेली मार्केट पार्किंग और दुर्गा मंदिर रतू रोड जैसे विभिन्न स्थानों पर बेघर और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को कंबल वितरित किए। एक अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख चौराहों और सभी प्रखंडों में अलाव की व्यवस्था की गई है। प्रखंडों में पहले ही कंबल वितरित किए जा चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।