1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड: बैंक में हथियार लेकर घुसे नकाबपोश डकैत, लूट ले गए करोड़ों का सोना, पांच लाख कैश

झारखंड: बैंक में हथियार लेकर घुसे नकाबपोश डकैत, लूट ले गए करोड़ों का सोना, पांच लाख कैश

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Apr 25, 2026 08:16 am IST,  Updated : Apr 25, 2026 08:23 am IST

हजारीबाग के एक बैंक में हथियार के साथ घुसे नकाबपोश डकैतों ने जबरन लॉकर खुलवाया और करोड़ों रुपये मूल्य का सोना और पांच लाख कैश लेकर फरार हो गए। इस बड़ी लूट की पुलिस जांच कर रही है।

हजारीबाग में डकैतों ने लूट लिया सोना और कैश- India TV Hindi
हजारीबाग में डकैतों ने लूट लिया सोना और कैश Image Source : FILE PHOTO

हजारीबाग: बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में शुक्रवार को दिनदहाड़े बड़ी डकैती की घटना सामने आई है। चार हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में घुसकर करीब छह करोड़ रुपये का सोना और पांच लाख रुपये नकद लूट लिया।

बताया जा रहा है कि सभी अपराधियों ने अपने चेहरे ढंके हुए थे। एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि अन्य डकैतों ने मास्क और गमछे से चेहरा छिपाया हुआ था। सभी के हाथों में देशी हथियार थे। बैंक में घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें अपने कब्जे में लेकर लॉकर खुलवाया। इसके बाद सोना और कैश लेकर फरार हो गए।

अपराधियों ने बैंक को बाहर से बंद किया

घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने बैंक को बाहर से बंद कर दिया, जिससे कुछ समय तक किसी को जानकारी नहीं मिल सकी। जिस आसानी और योजना के साथ यह वारदात हुई है, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि अपराधी पहले से पूरी जानकारी रखते थे और संभवतः अंदरूनी सहयोग भी मिला हो सकता है। गौरतलब है कि यह बैंक शाखा करीब 7-8 महीने पहले ही शुरू हुई थी।

देखें वीडियो 

पुलिस ने दी घटना की जानकारी

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को दिनदहाड़े चार हथियारबंद अपराधियों ने एक बैंक से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य का तीन किलोग्राम सोना और चार लाख रुपये की नकदी लूट ली। यह घटना दोपहर करीब 3:10 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, अपराधी दोपहर के भोजन (लंच टाइम) के दौरान बैंक में दाखिल हुए थे।

बरही के एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया, चार हथियारबंद अपराधी बैंक में घुसे और उन्होंने प्रबंधक सहित चार कर्मचारियों को बंधक बना लिया। अपराधियों ने बंदूक दिखाकर उनसे तिजोरी खुलवाई और पांच करोड़ रुपये मूल्य का तीन किलोग्राम सोना तथा पांच लाख रुपये नकद लूट लिए। एसडीपीओ ने बताया कि घटना के समय बैंक में कोई ग्राहक मौजूद नहीं था। पुलिस ने बताया कि अपराधियों का सुराग लगाने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।

(हजारीबाग से मुन्नू सिंह की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।