1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. यूपी: होने वाले दामाद से करा दिया सास का निकाह, दुल्हन को देख दूल्हा हुआ बेहोश, जानें फिर क्या हुआ?

यूपी: होने वाले दामाद से करा दिया सास का निकाह, दुल्हन को देख दूल्हा हुआ बेहोश, जानें फिर क्या हुआ?

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Apr 20, 2025 07:22 am IST,  Updated : Apr 20, 2025 07:22 am IST

अलीगढ़ में बेटी की शादी से पहले सास होने वाले दामाद के साथ भाग गई। इस घटना के बाद मेरठ में शादी तय हुई बेटी से विधवा सास को बना दिया गया दुल्हन। घूंघट उठाते ही दूल्हे ने हाय तौबा मचा दी। जानें फिर क्या हुआ?

दुल्हन को देखते ही दूल्हा हुआ बेहोश- India TV Hindi
दुल्हन को देखते ही दूल्हा हुआ बेहोश Image Source : प्रतीकात्मक तस्वीर

अलीगढ़ में सास और दामाद के साथ भागने की घटना अभी चर्चा में ही है तभी मेरठ की एक घटना से बवाल मचा है। मेरठ में एक युवक की शादी उसकी विधवा सास से करा दी गई है। युवक ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी होने वाली पत्नी की बजाय धोखा देकर उसकी मां यानी सास से निकाह करा दिया गया। इस निकाह के बाद जमकर बवाल मचा और बात थाने तक पहुंच गई लेकिन अब पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि युवक ने अपनी शिकायत वापस ले ली है और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।

शादी में हुआ धोखा, थाने पहुंचा दूल्हा

घटना मेरठ के ब्रह्मपुरी की है जहां 22 साल के मोहम्मद अजीम ने कहा था कि उसकी शादी शामली जिले के कंकरखेड़ा क्षेत्र की 21 वर्षीय मंतशा के साथ तय हुई थी। रिश्ता तय करते समय मंतशा को दिखाया गया, लेकिन निकाह उसकी विधवा मां से करा दिया। वहीं उसने आरोप लगाया कि इस निकाह को कराने के लिए पांच लाख रुपये लिए गए। अजीम ने कहा कि शादी में हुए धोखे का पता चलने पर जब उसने विरोध किया तो उसे पीटकर भगा दिया गया।

बेटी से तय हुई शादी, सास को बना दिया दुल्हन

मोहम्मद अजीम ने 17 अप्रैल को मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की थी और आरोप लगाया था कि उसका निकाह 31 मार्च को ईद वाले दिन शामली जिले के कंकरखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली 21 वर्षीय मंतशा से तय हुआ था। मंतशा के साथ उसका रिश्ता उसके बड़े भाई नदीम और भाभी शायदा ने तय कराया था। निकाह की रस्मों के दौरान मौलवी ने जब दुल्हन का नाम ‘ताहिरा’ पुकारा तो उसे आश्चर्य हुआ क्योंकि ताहिरा मंतशा की मां हैं और 45 साल की विधवा हैं।

दुल्हन को देखते ही दूल्हा हुआ बेहोश

निकाह के बाद जब अज़ीम ने घूंघट उठाकर दुल्हन का चेहरा देखा, तो वह बेहोश हो गया क्योंकि उसका निकाह मंतशा से नहीं उसकी विधवा मां से करा दिया गया था। उसे  जब होश आया तो अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। अज़ीम ने निकाह का विरोध किया और दुल्हन को अपने साथ ले जाने से मना कर दिया। उसके गुस्से को देखकर उसके भाई-भाभी ने उसे बलात्कार के झूठे मामले में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी।

हो गया समझौता

मामला थाने पहुंचा तो मामले की जांच कर रहीं ब्रह्मपुरी की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सौम्या अस्थाना ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस मामले की जांच की गई लेकिन अब दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। शिकायतकर्ता अजीम ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि वह अभी इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।