1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. सड़क किनारे मिली स्कूल टीचर की लाश, हादसे का नहीं मिला कोई निशान, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

सड़क किनारे मिली स्कूल टीचर की लाश, हादसे का नहीं मिला कोई निशान, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

 Written By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX
 Published : Jul 21, 2026 01:22 pm IST,  Updated : Jul 21, 2026 01:22 pm IST

झारखंड के चतरा में स्कूल शिक्षक मुकेश यादव का शव NH-22 किनारे संदिग्ध हालत में मिला है। शव और बाइक पर सड़क हादसे के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।

Chatra Teacher Death, Jharkhand Crime News, Mukesh Yadav- India TV Hindi
चतरा में सड़क के किनारे स्कूल टीचर का शव मिला है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

Highlights

  • सड़क किनारे शिक्षक का शव और बाइक मिली, हादसे के स्पष्ट कोई निशान नहीं मिले।
  • परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग किया जाम।
  • पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी, डॉग स्क्वायड तैनात, मोबाइल की भी पड़ताल।

चतरा: झारखंड के चतरा जिले में मंगलवार सुबह एक स्कूल शिक्षक का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुकेश यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने उनकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मुकेश यादव का शव और उनकी मोटरसाइकिल नेशनल हाइवे-22 पर घाघरी इलाके में वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के पास सड़क किनारे मिले थे।

'सड़क हादसे के निशान नहीं मिले'

शुरुआती जांच में पुलिस को न तो शव पर किसी बड़े सड़क हादसे के स्पष्ट निशान मिले और न ही मोटरसाइकिल पर दुर्घटना जैसी क्षति दिखाई दी। इसी वजह से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। चतरा मुख्यालय के DSP सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह केवल सड़क दुर्घटना का मामला नहीं लगता। उन्होंने कहा,

'घटना की परिस्थितियां संदिग्ध हैं। हम हर पहलू से जांच कर रहे हैं। मौके पर डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है।'

मृतक मुकेश यादव एक हाई स्कूल में व्यावसायिक ट्रेड (वोकेशनल ट्रेड) प्रभारी के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस ने फोन को अपने कब्जे में लिया

पुलिस ने उनका मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है, ताकि घटना से पहले उनकी गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी मिल सके। इसके साथ ही घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल शिक्षक की मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत दुर्घटना से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी।

नाराज परिजनों ने NH-22 को किया जाम

घटना से नाराज स्थानीय लोगों और परिजनों ने NH-22 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और कथित हत्यारे की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया और कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। (PTI इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: स्कूल जा रही शिक्षिका की मौत, बाइक से गिरने पर सिर में लगी गंभीर चोट, हेलमेट भी टूट गया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।