1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. बेवजह घर से बाहर न निकलें, पड़ेगी कड़ाके की ठंड; इन 12 जिलों के लिए IMD ने जारी की चेतावनी

बेवजह घर से बाहर न निकलें, पड़ेगी कड़ाके की ठंड; इन 12 जिलों के लिए IMD ने जारी की चेतावनी

 Published : Dec 24, 2025 07:32 pm IST,  Updated : Dec 24, 2025 07:32 pm IST

IMD ने 12 जिलों में 27 दिसंबर तक कड़ाके की ठंड को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बनी रहेगी और न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री तक गिरावट संभव है।

Jharkhand cold wave alert, IMD yellow alert Jharkhand- India TV Hindi
IMD ने 12 जिलों में ठंड की चेतावनी जारी की है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

रांची: भारतीय मौसम विभाग यानी कि IMD ने झारखंड के 12 जिलों में अगले 3 दिनों तक 'कोल्ड डे' या दिन में जबरदस्त ठंड की स्थिति रहने की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। IMD ने जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है उनके नाम हैं गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, रांची, खूंटी और बोकारो। मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, गुरुवार सुबह 8.30 बजे से शनिवार सुबह 8.30 बजे तक इन जिलों में ठंडे दिन की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को ठंड में बेवजह घर से बाहर न निकलने और अपना ख्याल रखने की सलाह दी जाती है।

9 जिलों में बुधवार को रही शीत लहर की स्थिति

बता दें कि राज्य के 9 जिलों में बुधवार को शीत लहर यानी कि कोल्ड वेव की स्थिति रही। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। इन जिलों में बोकारो, कोडरमा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़ और सिमडेगा शामिल हैं। रांची मौसम केंद्र के डिप्टी डायरेक्टर अभिषेक आनंद ने बताया, 'झारखंड के निचले क्षोभमंडल स्तर पर उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इसके कारण उत्तर-पश्चिमी और कुछ मध्य जिलों में ठंडे दिन की स्थिति बनी हुई है। यह स्थिति 27 दिसंबर तक जारी रहने की संभावना है।'

यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह

आनंद ने आगे कहा, 'अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले 2 दिनों में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।' आनंद ने सुबह के समय कम दृश्यता के कारण यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह भी दी। राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में दर्ज किया गया, जो 3.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद डाल्टनगंज में 6.1 डिग्री, जबकि हजारीबाग और लोहरदगा में 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सूबे की राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चाईबासा में 11.6 डिग्री और जमशेदपुर में 12.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।