1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. पिता ने शराब पीने पर डांटा, बेटे ने कुल्हाड़ी से मारकर की हत्या; ग्रामीणों ने बांधकर पुलिस को सौंपा

पिता ने शराब पीने पर डांटा, बेटे ने कुल्हाड़ी से मारकर की हत्या; ग्रामीणों ने बांधकर पुलिस को सौंपा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 27, 2026 11:25 pm IST,  Updated : Jun 27, 2026 11:25 pm IST

झारखंड में एक शख्स ने अपने पिता की शराब के नशे में हत्या कर दी। पिता ने उसे शराब पीने पर डांटा, जिसके बाद बेटे ने इस घटना को अंजाम दिया। ग्रामीणों ने आरोपी को बांधकर रखा और फिर उसे पुलिस को सौंप दिया।

बेटे ने कुल्हाड़ी से की पिता की हत्या।- India TV Hindi
बेटे ने कुल्हाड़ी से की पिता की हत्या। Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक एक शख्स ने शराब के नशे में अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी देर रात नशे की हालत में घर लौटा था। इस पर उसके पिता ने उसे डांटा, जिसके बाद आरोपी गुस्से में आ गया। पिता की डांट से नाराज आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला करके उनकी हत्या कर दी। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस की सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

शराब के नशे में आया था घर

पुलिस ने बताया कि बोकारो जिले में एक व्यक्ति ने नशे में घर लौटने पर डांटने के बाद अपने पिता की कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या कर दी। यह घटना शुक्रवार रात जागेश्वर विहार थाना क्षेत्र की तिलैया पंचायत के अंतर्गत आने वाले कारीपानी गांव में हुई। जागेश्वर विहार थाने के प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी अर्जुन करमाली (30) अपने मामा के घर एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर से घर लौटा था। थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने कहा, "उसके पिता, जैलाल करमाली ने शराब पीने और नशे की हालत में घर लौटने पर उसे डांटा। इसके बाद बहस हुई और अर्जुन ने कुल्हाड़ी उठाकर अपने पिता पर वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि अर्जुन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।"

पिता ने डांटा तो कर दी हत्या

पुलिस ने बताया कि जैलाल करमाली ने अपने बेटे की शराब पीने की आदत पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि इससे परिवार में अक्सर अशांति रहती है और शराब के नशे में मारपीट करने के कारण उसकी पत्नी मायके चली गई थी। पुलिस अधिकारी ने कहा, "पिता की बातें सुनकर अर्जुन को गुस्सा आ गया। इसके बाद बहस हुई और गुस्से में आकर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पिता के सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।"

ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले किया

जानकारी के मुताबिक घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देने से पहले उसे घर के अंदर ही बांधकर रखा। पुलिस मौके पर पहुंची और फिर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले कानूनी प्रक्रिया पूरी की। अधिकारी ने कहा, "हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त कर ली गई है। हम मामले की जांच कर रहे हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।"

यह भी पढ़ें-

गुरुग्राम: स्कॉर्पियो में भरवाया 6000 का तेल, टंकी फुल होते ही गाड़ी लेकर फरार हुआ शख्स

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।