1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. कड़ाके की ठंड से अभी नहीं मिलने वाली राहत, झारखंड के इन हिस्सों में चलेगी शीत लहर, जारी हुआ येलो अलर्ट

कड़ाके की ठंड से अभी नहीं मिलने वाली राहत, झारखंड के इन हिस्सों में चलेगी शीत लहर, जारी हुआ येलो अलर्ट

 Published : Jan 11, 2026 10:52 pm IST,  Updated : Jan 11, 2026 10:56 pm IST

कड़ाके की ठंड के चलते स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। मौसम विभाग ने शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। झारखंड के किन-किन हिस्सों में शीत लहर चलेगी? इसकी भी जानकारी मौसम विभाग ने दे दी है।

अलाव तापते लोग- India TV Hindi
अलाव तापते लोग Image Source : PTI

झारखंड के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भारती मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड के कुछ हिस्सों में 13 से 16 जनवरी के बीच शीत लहर की संभावना जताई है। आईएमडी ने शीत लहर को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों के लिए 13 से 16 जनवरी तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। हजारीबाग जिले में 14 से 16 जनवरी के बीच शीत लहर की चेतावनी दी गई है। 

गुमला में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा 

आईएमडी ने कहा कि रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक झारखंड के कई हिस्सों में शीत लहर की स्थिति दर्ज की गई, जहां राज्य के आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। आईएमडी के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पलामू (डालटेनगंज) में 4.9 डिग्री और खूंटी में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। 

झारखंड के कई हिस्सों में चल रहीं उत्तर-पश्चिमी हवाएं

आईएमडी के रांची केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, 'झारखंड के ऊपर वायुमंडल की ऊपरी सतहों में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इसके कारण राज्य के कई जिलों में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है।' उन्होंने कहा कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है, जबकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। 

इन जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा

रांची में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में यह 10.2 डिग्री और जमशेदपुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के अनुसार, रांची, पलामू, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, सरायकेला, पाकुड़ और गुमला ऐसे जिले रहे, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।