झारखंड में 48 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए सोमवार यानी 23 फरवरी को 62% वोटिंग हुई। सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ था और शाम 5 बजे तक संपन्न हुआ। अब पूरे राज्य की नजर रिजल्ट पर टिकी हुई है। इस बार चुनाव के लिए राज्य में कुल 4,307 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। इनमें से 896 को अति संवेदनशील और 2,445 को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया था।
चुनाव गैर दलीय, लेकिन उम्मीदवारों को पार्टियों का पूरा समर्थन
बता दें कि झारखंड में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्नों पर नहीं लड़े जाते हैं लेकिन उम्मीदवारों को इन दलों का समर्थन प्राप्त होता है। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM)और कांग्रेस तथा मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने अपने समर्थित उम्मीदवारों की जीत का दावा किया।
कब शुरू होगी वोटों की गिनती?
इस चुनाव में INDI अलायंस की जीत होगी या बीजेपी की, इसको लेकर चर्चा तेज है। 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी, जिसके बाद सीटों के रूझान भी आने शुरू हो जाएंगे। 27 तारीख किसके लिए खुशी का दिन होगा इसका फाइनल और अंतिम रिजल्ट शाम तक आने की उम्मीद जताई जा रही है।
कहां देखे नतीजे?
ऐसे में मतगणना का लाइव अपडेट और आधिकारिक रिजल्ट इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट (sec.jharkhand.gov.in) पर देख सकते हैं। इसके अलावा आप भरोसेमंद अपडेट के लिए इंडिया टीवी की साइट पर बार-बार आइए और अपने इलाके की मतगणना का अपडेट लेते रहिए। इंडिया टीवी और www.indiatv.in पर सुबह 8 बजे से आपको चुनाव परिणाम से जुड़े सभी आंकड़े मिलने शुरू हो जाएंगे।
बैलेट पेपर पर नहीं था NOTA का विकल्प
नगर निकाय चुनाव मत पत्र (बैलेट पेपर) के जरिए कराए गए। इसमें मत पत्र पर NOTA का विकल्प नहीं दिया गया था। गोलीबारी की एक घटना में 2 लोगों के घायल होने सहित हिंसा के मामलों के अलावा राज्य में मोटे तौर पर चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
क्यों महत्वपूर्ण है यह चुनाव?
नगरीय निकायों के यह चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इनके नतीजों से इस बात का पता चलेगा कि राज्य में JMM के नेतृत्व वाला सत्ताधारी INDI अलायंस, जिसमें कांग्रेस सहित कुछ और दल शामिल हैं, लोकप्रियता और जनाधार के मामले में किस स्थिति में है। बीजेपी ने इस चुनाव में जीत के लिए काफी जोर लगाया है।
कहां सबसे ज्यादा और कहां सबसे कम हुआ मतदान?
सरायकेला नगर पंचायत में सबसे अधिक 74.86% मतदान दर्ज किया गया, जबकि रांची नगर निगम में सबसे कम 43.35% मतदान हुआ, उसके बाद धनबाद नगर निगम में 46.98 प्रतिशत मतदान हुआ।
6000 से ज्यादा उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला
इस चुनाव में 43 लाख से अधिक मतदाताओं ने 6,000 से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया है। राज्य के कुछ हिस्सों से अराजकता और मामूली झड़पों की खबरें मिलीं। गिरिडीह जिले के टाउन पुलिस थाना क्षेत्र के एक बूथ पर 2 उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। हालांकि, पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया। जिले के आजाद नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 में गोलीबारी की एक घटना घटी, जिसमें 2 लोग घायल हो गए। हालांकि, यह घटना शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने के बाद हुई।
यह भी पढ़ें-