त्वचा को हेल्दी, ग्लोइंग और मुलायम बनाए रखने के लिए लोग महंगे प्रोडक्ट्स के साथ-साथ कई घरेलू नुस्खों का भी इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, हर घरेलू उपाय त्वचा के लिए फायदेमंद हो, यह जरूरी नहीं है और गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर नुकसान भी हो सकता है। डर्मेटोलॉजिस्ट आंचल पंथ ने कुछ ऐसे घरेलू उपायों के बारे में बताया है, जिन्हें सही तरीके से इस्तेमाल करके स्किन केयर रूटीन में शामिल किया जा सकता है। चलिए जानते हैं क्या है इस्तेमाल का सही तरीका?
स्किन केयर के कुछ आसान और असरदार घरेलू नुस्खे
-
शहद और दही: शहद और दही का कॉम्बिनेशन ऑयली या कॉम्बिनेशन स्किन के लिए एक बेहतरीन मास्क का काम करता है। 3-4 चम्मच दही और आधा चम्मच शहद लें। इन्हें मिलाकर पूरे चेहरे पर एक परत लगाएं। इसे 15 मिनट तक लगा रहने दें और फिर धो लें।
-
खीरा: खीरे में स्किन को आराम देने और सूजन कम करने (एंटी-इंफ्लेमेटरी) वाले गुण होते हैं। यह हर तरह की स्किन के लिए अच्छा है चाहे वह ड्राई, ऑयली, कॉम्बिनेशन या सेंसिटिव हो। आप या तो खीरे के पतले स्लाइस चेहरे पर रख सकते हैं या उसे कद्दूकस करके मास्क बना सकते हैं। इसे हफ्ते में एक या दो बार इस्तेमाल करें।
-
खीरा और दूध: इसे दो तरह से इस्तेमाल किया जा सकता है: खीरे को दूध में डुबोकर या खीरे को कद्दूकस करके दूध में मिलाकर चेहरे पर लगाना। इससे मुँहासे की वजह से होने वाली लालिमा कम हो सकती है और दूध में मौजूद लैक्टिक एसिड की वजह से स्किन चमकदार दिख सकती है।
-
खीरा और दही: इसका असर भी खीरा और दूध वाले नुस्खे जैसा ही होता है। मास्क को चेहरे पर लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें। यह स्किन को आराम देने और लालिमा कम करने में मदद करता है।
-
टमाटर: टमाटर में लाइकोपीन होता है, जो एक एंटीऑक्सीडेंट है। टैनिंग वाली जगहों पर टमाटर का रस लगाएं या कच्चा टमाटर रगड़ें। इसे सूखने दें और 15 मिनट बाद धो लें। इसे हफ्ते में एक या दो बार किया जा सकता है। यह टैनिंग कम करने में मदद करता है। यह जिद्दी काले धब्बों को कम करने में मदद नहीं करेगा।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।