मानसून में नमी और सीलन की वजह से दीमक का खतरा काफी बढ़ जाता है। लंबे समय तक लकड़ी में सीलन रहने से दीमक लग सकती है। एक बार दीमक आ जाए तो फिर बिना ट्रीटमेंट के खत्म करना मुश्किल हो जाता है। अगर आपके फर्नीचर या घर में कहीं लकड़ी में दीमक लग गई है तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू उपाय करके भी दीमक से छुटकारा पाया जा सकता है। दीमक भगाने का असरदार उपाय है नीम का तेल, जो लकड़ी के अंदर छुपे दीमक को भी बाहर निकाल फेंकती है। जानिए दीमक भगाने का उपाय?
दीमक भगाने के उपाय
नीम का तेल- दीमक भगाने के हजारों रुपए खर्च करने की जरूरत नहीं है। कुछ घरेलू नुस्खे दीमक भगाने में असरदार साबित होते हैं। इसके लिए नीम का तेल असरदार साबित होता है। नीम का तेल किसी कपड़े या रुई पर लेकर फर्नीचर पर लगा दें। जहां दीमक लगी है वहां तेल को अच्छी तरह से लगा दें और कुछ-कुछ दिनों पर लगातार लगाते रहें। इससे दीमक खत्म हो जाएगी।
नींबू और सिरका का घोल- सिरका और नींबू भी दीमक भगाने में असरदार साबित होता है। सिरका और नींबू में एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण पाए जाते हैं जो दीमक को खत्म करने में मदद करते हैं। इसके लिए दोनों चीज बराबर लें और एक घोल बनाकर किसी बोतल में भर लें। इसे दीमक वाली जगह पर छिड़क दें। कुछ दिनों तक इस स्प्रे को दीमक वाली जगह पर लगाएं इससे दीमक खत्म हो जाएगी और फर्नीचर भी खराब नहीं होगा।
दीमक लगने से कैसे बचाएं
अगर किसी फर्नीचर में दीमक लगी है तो उसे कुछ देर के लिए तेज धूप में सुखा दें। इससे दीमक निकलकर भाग जाएगी। धूप फर्नीचर की नमी को खत्म कर देगी इससे नमी और वहां पनपने वाली दीमक कम हो जाएगी। कोशिश करें कि घर में फर्नीचर और लकड़ी वाली चीजें सूखी रहें। कोनों और फर्नीचर के पास पानी जमा न हो। फर्नीचर पर प्रोटेक्टिव पॉलिश या तेल भी लगा सकते हैं। खराब सामान तो तुरंत हटा दें। साफ सफाई का ध्यान रखें इससे दीमक पनपने का खतरा कम होता है।