कपड़े धोने वाले टब का इस्तेमाल दादी-नानी के जमाने से कपड़े धोने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। लगातार इस्तेमाल होने से इसपर सफेद रंग के निशान बन जाते हैं। ये सफेद निशान खारे पानी के होते हैं। दरअसल खारे पानी में कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स होते हैं, जो सूखने के बाद टब की सतह पर एक सफेद या पीले रंग की परत बना लेते हैं। इससे न केवल टब गंदा और पुराना नजर आता है, बल्कि इसकी प्लास्टिक या फाइबर की चमक भी फीकी पड़ जाती है। ऐसे में लोगों को समझ नहीं आता कि इसे कैसे साफ किया जाए। अगर आप इसे साफ करने के लिए आसान घरेलू उपाय सर्च कर रहे हैं तो यहां बताए गए घरेलू नुस्खे को अपना सकते हैं।
सिरका और बेकिंग सोडा
सिरका और बेकिंग सोडा जिद्दी से जिद्दी दाग-धब्बों को चुटकियों में साफ करता है। इसे साफ करने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में सिरका और बेकिंग सोडा मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। अब इस पेस्ट को टब पर जमे खारे पानी के निशानों पर अच्छी तरह लगाएं और इसे 15 से 20 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद एक स्कॉर्बर या स्पंज की मदद से हल्के हाथों से रगड़ें और साफ पानी से धो लें।
सफेद सिरका और पानी
सिरके एसिडिक नेचर पानी में मौजूद मिनरल्स की पपड़ी को बहुत आसानी से तोड़ देती है। इसे इस्तेमाल करने के लिए एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और गुनगुना पानी मिला लें। इस घोल को टब के प्रभावित हिस्सों पर अच्छी तरह स्प्रे करें। इसे 15 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि सिरका खारेपन की परत को गला सके। इसके बाद एक कड़े ब्रश या स्पंज से रगड़कर साफ कर लें।
नींबू और नमक का करें इस्तेमाल
नींबू में साइट्रिक एसिड होता है जो प्राकृतिक रूप से ब्लीच और क्लींजर का काम करता है, वहीं नमक खुरदरेपन से दाग को छुड़ाने में मदद करता है। इसे इस्तेमाल करने के लिए एक नींबू को बीच से काट लें और उस पर पर्याप्त मात्रा में खाने वाला नमक छिड़क दें। अब इस नींबू को टब के निशानों पर सर्कुलर मोशन में रगड़ें। नमक स्क्रबर का काम करेगा और नींबू के रस से दाग ढीले पड़ जाएंगे। 10 मिनट बाद टब को सामान्य पानी से धो लें।