1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. Recipe: मैदा की नहीं बच्चों और बड़ों को घर पर बनाकर खिलाएं गेहूं के आटे की ये मैकरॉनी, सेहत और स्वाद दोनों में दमदार

Recipe: मैदा की नहीं बच्चों और बड़ों को घर पर बनाकर खिलाएं गेहूं के आटे की ये मैकरॉनी, सेहत और स्वाद दोनों में दमदार

 Written By: India TV Lifestyle Desk
 Published : Aug 13, 2020 07:38 am IST,  Updated : Aug 13, 2020 07:38 am IST

आज हम आपको गेहूं के आटे से बनी मैकरॉनी बनाने का तरीका बताते हैं। खास बात है कि ये मैकरॉनी आटे की बनी होगी तो नुकसान भी नहीं करेगी और स्वाद में भी जबरदस्त होगी।

Atta Macaroni - India TV Hindi
Atta Macaroni  Image Source : FACEBOOK/AMMA KI THAALI

बच्चों और बड़ों दोनों को मैकरॉनी खाना बहुत पसंद होता है। लेकिन मैकरॉनी मैदा की होती है तो ज्यादा खाना सेहत के लिए अच्छा नहीं रहता। ऐसे में आज हम आपको गेहूं के आटे से बनी मैकरॉनी बनाने का तरीका बताते हैं। खास बात है कि ये मैकरॉनी आटे की बनी होगी तो नुकसान भी नहीं करेगी और स्वाद में भी जबरदस्त होगी। जानें गेहूं के आटे की मैकरॉनी बनाने का तरीका...

गेहूं के आटे की मैकरॉनी बनाने के लिए जरूरी चीजें

गेहूं का आटा
प्याज
शिमला मिर्च
पिसी लाल मिर्च
धनिया पाउडर
मैगी मसाला
नमक
सरसों का तेल

बनाने की विधि- सबसे पहले आटा का डोव बनाना होगा। इसके लिए जितने लोगों के लिए आप ये डिश बना रहे हैं उतना आटा एक बर्तन में निकाल लीजिए। हमने 2 कटोरी आटा लिया है। अब इस आटे में स्वादानुसार नमक डालें और हाथ से अच्छे से मिला लें। इसके बाद धीरे-धीरे पानी डालकर आटे को मसलें। इस आटे को उसी तरह मसलना है जितना कि आप रोटी के लिए मसलते हैं। अब इस आटे को करीब 10 मिनट के लिए रख दें।

अब आटे से एक लोई लीजिए और उसे बेल लें। अब एक छोटा सा ढक्कन लें। इन ढक्कन के निशान बेली हुई रोटी पर लगाएं। इसके बाद बचे हुए आटे को रोटी से निकाल लें। अब जो ढक्कन से रोटी पर निशान बनाए थे उन्हें एक एक करके माइक्रोनी का शेप दें। इसके लिए आप ढक्कन से कटे हुए एक गोलाकार को लें और दोनों तरफ के बीच के हिस्से को आपस में मिला दें। इसके बाद दूसरी तरफ से भी दबा दें। आप देखेंगे कि मैकरॉनी का शेप आ गया है। सभी को इसी तरह से कर लें।

अब इन्हें उबालने के लिए एक पैन में तीन कप पानी डालें और उसके खौलने दें। पानी के खौलने के बाद इन माइक्रोनी के शेप वाली लोई को पानी में डाल दें। अब इसे ढक दें और करीब 2 मिनट तक पकाएं। 2 मिनट बाद आप चेक करें कि ये पका है या नहीं। अब इन्हें पानी से छानकर निकाल लें।

अब कढ़ाई में तेल डालें। तेल के गर्म होते ही उसमें आधा चम्मच जीरा डालें। इसके बाद कटा हुआ शिमला मिर्च, महीन कटा प्याज डालकर भूनें। दोनों जब हल्का पक जाए तो उसमें कटा हुआ बारीक टमाटर डालें। अब इसमें आधा चम्मच धनिया पाउडर, आधे चम्मच से भी कम पिसी लाल मिर्च, एक चम्मच मैगी मसाला और स्वादानुसार नमक डालें। अब इन्हें अच्छे से मिलाएं और एक मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि मसाला पक जाए। एक मिनट बाद इसमें जो आटे की लोई का शेप देकर मैकरॉनी बनाई है उसे डालकर कंछुली से चलाएं। इसी में अब नींबू का रस और हरा धनिया डाल दें। अब आपकी आटे की मैकरॉनी बनकर तैयार है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल