1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. अरबी के पत्तों के पकोड़े, इतने क्रिस्पी बनेंगे कि खाने वाले खाते ही जाएंगे, आसान है रेसिपी

अरबी के पत्तों के पकोड़े, इतने क्रिस्पी बनेंगे कि खाने वाले खाते ही जाएंगे, आसान है रेसिपी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Aug 07, 2026 02:28 pm IST,  Updated : Aug 07, 2026 02:28 pm IST

बारिश में चाय के साथ पकोड़े खाने का मन सभी का करता है। अगर आप भी कुछ मजेदार खाना चाहते हैं तो एक बार अरबी के पत्तों के पकोड़े बनाकर खाएं। ये खाने में बहुत कुरकुरे और स्वादिष्ट बनते हैं। नोट कर लें अरबी के पत्ते के पकोड़े की रेसिपी।

अरबी के पत्तों के पकोड़े- India TV Hindi
अरबी के पत्तों के पकोड़े Image Source : INDIA TV

अरबी की सब्जी तो आपने कई बार खाई होगी। लोग सूखी अरबी और रसेदार अरबी की सब्जी बनाकर खाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी अरबी के पत्तों के पकोड़े बनाकर खाए हैं। ये इतने कुरकुरे और मजेदार बनते हैं कि खाने वाले 1-2 खाकर खुद को रोक नहीं पाएंगे। अरबी के पत्तों की सब्जी भी बनती है। इसे बेसन में लपेटकर तैयार किया जाता है। अगर आपको चाय के साथ कुछ क्रिस्पी खाने और गर्म खाने का मन है तो अरबी के पत्तों के पकोड़े बनाकर खा सकते हैं। इसकी रेसिपी बहुत आसान है।

अरबी के पत्तों के पकोड़े की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले अरबी के पत्ते खरीदकर ले आएं। अगर आपके आसपास कहीं अरबी की खेती होती है तो आप वहां से ताजा पत्ते ला सकते हैं। पत्तों को अच्छी तरह से पानी से धो लें। 1 बड़ा प्याज लें और उसे बारीक काट लें। करीब 3-4 हरी मिर्च और 10-12 लहसुन की कली लें और हरी मिर्च के साथ इन्हें दरदरा कूट लें। एक बाउल में बेसन डालें। इसमें कटी प्याज, हरी मिर्च और लहसुन का पेस्ट डालें। थोड़ा नमक और हल्दी बेसन में डालकर अच्छी तरह से पानी डालते हैं मिक्स करें। बेसन का आपको गाढ़ा पेस्ट बनाना है जो आसानी से अरबी के पत्तों पर चिपक जाए।

दूसरा स्टेप- अरबी के पत्तों से डंठल पूरी तरह से हटा दें। अब पत्ते पर पीछे की साइड पूरे पर हल्का हल्का बेसन लगाते जाएं। अब इसी बेसन लगे पत्ते के ऊपर एक और पत्ता उल्टा करके रखें। अब इस पर भी बेसन लगा दें। करीब 3-4 पत्ते ऐसे ही एक दूसरे के ऊपर रखकर बेसन लगाते जाएं। पत्ते को एक तरफ से फोल्ड करें और बेसन लपेट दें। सारी परत पर बेसन लपेटते जाएं और इसे फोल्ड करते जाएं।

तीसरा स्टेप- आपको पत्तों को जितनी छोटी हो सके उतनी छोटी फोल्ड बनानी है। अब एक कड़ाही के ऊपर जालीदार बर्तन रखें। कड़ाही में पानी डालकर गर्म करें और इसमें जाली के ऊपर बेसन में लिपटे अरबी के पत्ते रखें और ढककर पकाएं। जब भाप में बेसन और पत्ते पक जाएं तो इन्हें निकालकर गोल-गोल काटते जाएं।

चौथा स्टेप- अब कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। इसमें अरबी के पीस डालकर गोल्डन और कुरकुरा होने तक इन्हें फ्राई कर लें। सारे अरबी के पत्ते के पकोड़े ऐसे ही फाई करते जाएं। इनके ऊपर चाट मसाला डालें और इसे बारिश के मौसम में गर्म अदरक वाली चाय के साथ इंजॉय करें। ये पकोड़े बहुत ही क्रिस्पी बनते हैं।   

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल