1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. पंजाबी छोले की आसान रेसिपी, बिना चाय पत्ती के मिलेगा खूबसूरत रंग, खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे

पंजाबी छोले की आसान रेसिपी, बिना चाय पत्ती के मिलेगा खूबसूरत रंग, खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे

 Written By: Bharti Singh
 Published : Aug 11, 2026 11:29 am IST,  Updated : Aug 11, 2026 11:29 am IST

छोले पूरी और छोले चावल खाना लोगों को खूब पसंद होता है। खासतौर से पंजाबी छोले का स्वाद गजब का लगता है। अगर आप भी पंजाबी स्टाइल में छोले बनाना चाहते हैं तो एक बार इस रेसिपी को जरूर ट्राई करें। आपको ढाबे जैसा पंजाबी छोले का स्वाद मिलेगा।

पंजाबी छोले की रेसिपी- India TV Hindi
पंजाबी छोले की रेसिपी Image Source : INDIA TV

पंजाबी खाने की शान हैं छोले भटूरे और छोले पूरी, शादी हो या कोई त्योहार घरों में छोले तो बनते ही हैं। पंजाबी छोले में जो स्वाद आता है वो कई बार घर में बनाने पर नहीं मिल पाता। खासतौर से ढाबे पर मिलने वाले पंजाबी छोले का स्वाद अलग ही होता है। अगर आप भी पंजाबी छोले बनाकर खाना चाहते हैं तो एक बार इस तरह से छोले बनाकर खाएं। आइये जानते हैं पंजाबी छोले की आसान रेसिपी।

पंजाबी छोले की रेसिपी

पहला स्टेप- पंजाबी छोले बनाने के लिए आपको सफेद काबुली चना यानि मोटे वाले छोले लेने हैं। अब छोले को 1-2 बार पानी से धोकर इसे 8 घंटे के लिए भिगोना है। अब कुकर में छोले डालें और इसमें इतना पानी डालना है कि अच्छी तरह से डूब जाएं। इसके साथ ही कुछ खड़े मसाले अपने स्वादानुसार डाल दें। छोले को मीडियम लो फ्लेम पर 3-4 सीटी आने तक पकाना है।

दूसरा स्टेप- मसाला बनाने के लिए आपको 3 मीडियम साइज के प्याज लेने हैं और उनका बारीक पेस्ट बनाना है। 2 टमाटर का पेस्ट बनाना है उसमें थोड़ी सा लहसुन हरी मिर्च अदरक भी डाल दें। टमाटर को भी बारीक पेस्ट जैसा बनाकर तैयार कर लें।

तीसरा स्टेप- अब लोहे ही कढ़ाई लेनी आप कास्ट आयरन का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे छोले में एकदम बढ़िया सा रस्टिक फ्लेवर और रस्टिक कलर आ जाएगा। इसमें सरसों का तेल डालें और तेल जैसे ही गरम हो इसमें जीरा अजवाइन और हींग का तड़का लगाना है। अब सबसे पहले प्याज का पेस्ट डाल दें और इसे अच्छी तरह से भून लें। जब प्याज में कलर आ जाए तो इसमें टमाटर का पेस्ट भी मिला दें। 

चौथा स्टेप- अब इसमें मसाले डाल दें। आपको हल्दी, धनिया पाउडर और कलर के लिए कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालनी है। इसमें थोड़ा सा पानी डालकर मसालों को अच्छी तरह से पका लें। जब मसाला भुन जाए तो इसमें उबले हुए छोले पूरे पानी सहित डाल दें। अगर छोले गाढ़े लगें तो इसमें थोड़ा गर्म पानी मिला दें।

पांचवां स्टेप- छोले को मसालों के साथ 5 से 10 मिनट पकाना है और अब इसमें छोले मसाला डाल दें। इससे छोले में एक अलग सा अरोमा आएगा। आपको 1 छोटा चम्मच छोले मसाला मिलाना है। इस बीच 7-8 छोले के दानों को मसल दें इससे छोले में गाढ़ापन आने लगेगा।

अब छोले में पंजाबी फ्लेवर लाने के लिए एक पैन में डालें घी या मक्खन और इसमें लंबाई में कटे अदरक के लच्छे और लंबी कटी हुई हरी मिर्च को चटकाएं और इस तड़के को छोले के ऊपर डाल दें। एकदम बढ़िया से पंजाबी छोले बनकर तैयार है। इसमें बरीक कटा हरा धनिया डालकर सर्व करें।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल