1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. होली पर बनाकर खाएं छोला टिक्की चाट, मेहमान चटकारे लेकर खाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

होली पर बनाकर खाएं छोला टिक्की चाट, मेहमान चटकारे लेकर खाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Feb 27, 2026 08:23 am IST,  Updated : Feb 27, 2026 08:23 am IST

Chhola Chaat Recipe: चाट खाने के शौकीन लोगों को एक बार छोला टिक्की चाट जरूर ट्र्राई करनी चाहिए। इसका स्वाद लाजवाब होता है। आप होली पर घर आए मेहमानों को छोला टिक्की चाट बनाकर खिला सकते हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

छोला टिक्की चाट रेसिपी- India TV Hindi
छोला टिक्की चाट रेसिपी Image Source : INSTA/@GEETASCOOKING

होली का त्योहार चाट के बिना अधूरा रहता है। आलू टिक्की चाट और पापड़ी चाट तो आपने कई बार खाई होंगी, लेकिन एक बार छोला चाट बनाकर भी खाएं। छोला टिक्की चाट खाने में बहुत टेस्टी लगती है और ये हेल्दी भी होती है। अगर आपको चाट खाना पसंद है तो ये रेसिपी जरूर पसंद आएगी। खास बात ये है कि इसमें तैयार की गई पापड़ी से आप और भी कई तरह की डिश बना सकते हैं।

छोले टिक्की चाट रेसिपी

पहला स्टेप- छोला चाट बनाने के लिए आपको सबसे पहले पापड़ी तलकर तैयार करनी होंगी। इसके लिए 1 बड़ा कप मैदा लें और उसमें नमक, अजवाइन और थोड़ा मोयन के लिए घी डाल दें। अब इसे अच्छी तरह मिक्स कर लें और पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें।

दूसरा स्टेप- आटे से एक बड़ी लोई लें और उसे रोटी जैसा खूब बड़ा बेल लें। पापड़ी बहुत मोटी या बहुत पतली नहीं होनी चाहिए। अब रोटी में कांटे की मदद से पूरे में हल्के छेद कर दें। एक गिलास या कोई शार्प ढक्कन लें और उससे रोटी से पापड़ी काट लें। सारी पापड़ी ऐसे ही बनाकर रख लें।

तीसरा स्टेप- अब उबले हुए छोले लें और उन्हें अच्छी तरह से मैश कर लें। छोले में बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, नमक, जीरा पाउडर, हल्दी पाउडर, काला नमक और काली मिर्च डाल दें। सारी चीजों को हाथ से आटा जैसा मिला लें। अब इसमें 2 चम्मच बेसन डालकर आटा जैसा तैयार कर लें। डो बहुत टाइट हो तो थोड़ा पानी डाल सकते हैं।

चौथा स्टेप- अब छोले से टिक्की बना लें और इन्हें हल्का ऑयल लगाते हुए तवे पर फ्राई कर लें। अब पापड़ी को मीडियम फ्लेम पर क्रिस्पी होने तक फ्राई कर लें। अब इसे सर्व करने के लिए किसी प्लेट में नीचे सबसे पहले मीठी दही डालें और उसके ऊपर फ्राई की गई टिक्की डालें। इसके ऊपर थोड़ा पापड़ी को तोड़कर डाल दें।

पांचवां स्टेप-ऊपर से हरी चटनी और लाल वाली मीठी चटनी डालें। ऊपर से अनार दाना और बारीक वाली सेव और थोड़ा दही और डाल दें। साइड से पापड़ी लगा दें और इन्हें अपने घर आए मेहमानों को होली पर सर्व करें। ये छोला पापड़ी चाट आपको बहुत पसंद आएगी। बची हुई पापड़ी से आप भल्ला पापड़ी भी बना सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल