1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. घर पर मिल्क केक कैसे बनाएं? इस तरह बनाएं मुंह में मक्खन की तरह घुलने वाली मिठाई, नोट करें रेसिपी

घर पर मिल्क केक कैसे बनाएं? इस तरह बनाएं मुंह में मक्खन की तरह घुलने वाली मिठाई, नोट करें रेसिपी

 Written By: Ritu Raj
 Published : Sep 29, 2026 04:28 pm IST,  Updated : Sep 29, 2026 04:28 pm IST

घर पर हलवाई जैसा, दानेदार और मुंह में मक्खन की तरह घुलने वाला मिल्क केक बनाना बेहद आसान है। यहां हम आपके लिए मिल्क केक की सिंपल रेसिपी लेकर आए हैं। नोट कर लें रेसिपी।

घर पर मिल्क केक कैसे बनाएं? इस तरह बनाएं मुंह में मक्खन की तरह घुलने वाली मिठाई, नोट करें रेसिपी- India TV Hindi
घर पर मिल्क केक कैसे बनाएं? इस तरह बनाएं मुंह में मक्खन की तरह घुलने वाली मिठाई, नोट करें रेसिपी Image Source : COOKINGSHOOKING/YOUTUBE

मिल्क केक भारत में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली मिठाइयों में से एक है। खोया, दूध और चीनी से तैयार होने वाली यह मिठाई अपने बेहतरीन स्वाद के लिए जानी जाती है। उत्तर भारत, विशेष रूप से हरियाणा में मिल्क केक को बड़े शौक से खाया जाता है। लेकिन इन दिनों बाजार में मिलने वाली हर चीज में मिलावट पाई जा रही है। ऐसे में लोग अब बाजार से खरीदने से बचना चाहते हैं। अगर आप भी बाजार से मिल्कर केक नहीं खरीदना चाह रहे तो घर पर आसानी से इसे तैयार कर सकते हैं। यहां हम आपके लिए मिल्क केक की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। 

सामग्री

  • फुल क्रीम दूध: 2 लीटर
  • चीनी: 200 ग्राम 
  • नींबू का रस या सिरका: 1 बड़ा चम्मच (पानी में मिलाकर)
  • देशी घी: 2 से 3 बड़े चम्मच
  • इलायची पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
  • कटे हुए पिस्ता/बादाम

बनाने का तरीका

1. दूध को गाढ़ा करें

सबसे पहले एक भारी तले वाली कढ़ाई में 2 लीटर फुल क्रीम दूध डालें। तेज आंच पर दूध को उबालें। जब दूध में उबाल आ जाए, तो आंच को मध्यम कर दें और इसे लगातार चलाते हुए आधा होने तक पकाएं। ध्यान रखें कि दूध कढ़ाई के तले में चिपके नहीं।

2. दानेदार टेक्सचर दें
जब दूध गाढ़ा होकर आधा रह जाए, तो इसमें नींबू का रस एक-एक चम्मच करके डालें। इसे बहुत हल्के हाथ से चलाएं। नींबू का रस दूध को पूरी तरह फाड़ेगा नहीं, बल्कि इसमें छोटे-छोटे दाने बना देगा। यही दाने मिल्क केक की असली पहचान हैं।

3. चीनी मिलाएं
जब मिश्रण रबड़ी जैसा गाढ़ा हो जाए, तो इसमें थोड़ा-थोड़ा करके चीनी डालें। एक साथ पूरी चीनी न डालें, वरना मिश्रण पतला होकर छिटकने लगेगा। 3-4 बार में चीनी डालें और लगातार चलाते रहें।

4. घी और इलायची का तड़का
चीनी के घुलने के बाद मिश्रण में 1 बड़ा चम्मच देशी घी डालें और भूनें। जब मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगे और हल्का भूरा होने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर और बचा हुआ 1 चम्मच घी मिलाकर 2-3 मिनट और पकाएं।

5. सेट करें
अब एक गहरे डिब्बे या टिन को घी लगाकर चिकना कर लें। गरम-गरम मिश्रण को इसमें डालें। अब बर्तन को तुरंत किसी मोटे तौलिए या गरम कपड़े से अच्छी तरह लपेटकर 4-5 घंटे के लिए किसी गरम जगह पर रख दें। ऐसा करने से अंदर की गर्मी से मिल्क केक का बीच वाला हिस्सा डार्क भूरा और बेहद सॉफ्ट हो जाता है। फिर इसे पीस में काट लें और इसका आनंद लगाएं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।