1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. गर्मी स्पेशल चाय का मसाला, एक चुटकी डालते ही बढ़ जाएगा स्वाद और खूशबू, मिक्सी में पीसकर करें तैयार

गर्मी स्पेशल चाय का मसाला, एक चुटकी डालते ही बढ़ जाएगा स्वाद और खूशबू, मिक्सी में पीसकर करें तैयार

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : May 01, 2026 06:26 am IST,  Updated : May 01, 2026 06:26 am IST

Chai Ka Masala Recipe: गर्मियों में चाय में अदरक डालने का मन नहीं है तो चाय का मसाला बनाकर तैयार कर लें। सिर्फ 1 चुटकी मसाला डालते ही घर में मसाले वाली चाय की खुशबू फैल जाएगी। फटाफट नोट कर लें चाय के मसाले की रेसिपी।

चाय मसाला की रेसिपी- India TV Hindi
चाय मसाला की रेसिपी Image Source : INDIA TV

सर्दियों में अदरक वाली चाय पीना लोग पसंद करते हैं। लेकिन गर्मी में अदरक वाली चाय शरीर में गर्मी को और बढ़ा सकती है। इस मौसम में चाय पीने के शौकीन लोग मसाला चाय पीना पसंद करते हैं। खासतौर से इलायची वाली मसाला गर्मियों में चाय के लिए बेस्ट होती है। इस मसालेदार चाय का स्वाद तो गजब का होता ही है साथ ही खुशबू भी लाजवाब होती है। आप चाय का मसाला घ में आसानी से तैयार कर सकते हैं। मिक्सी में पीसकर इस मसाले को तैयार कर लें और किसी एयरटाइट कंटेनर में भरकर स्टोर कर लें। इससे मसाले की खुशबू बनी रहेगी। फटाफट नोट कर लें चाय का मसाला बनाने की रेसिपी।

चाय का मसाला बनाने की रेसिपी

चाय का मसाला बनाने के लिए सामग्री-  चाय का मसाला बनाने के लिए आपको 20 ग्राम हरी इलायची लेनी है। 5 बड़ी इलायची जो वजन से 2 ग्राम हैं। इसके अलावा 2 ग्राम लौंग, 2 ग्राम काली मिर्च, 4 ग्राम दालचीनी के टुकड़े लेने हैं। 1 जायफल लेंगे, सौंठ 20 ग्राम लेंगे। ध्यान रखें सारे मसाले साबुत ही लेने हैं।

पहला स्टेप- अब सौंठ और जायफल को पहले हल्का क्रश कर लें। आप इसे किसी कूटने वाले पॉट में डालकर कूट लें। इससे मिक्सी में मसाला पीसना आसान हो जाता है। अब गैस ऑन करके पैन गर्म करें और फिर गैस एकदम धीमी कर दें। सारे मसालों को मिलाकर 2-3 मिनट के लिए एकदम धीमी आंच पर भून लें। मसाला भुनने की खुशबू आएगी।

दूसरा स्टेप- मसाले को अच्छी तरह से ठंडा होने दें और मिक्सर जार में डालकर पीस लें। आप इसे बहुत ज्यादा बारीक नहीं भी करेंगे तो भी मसाले में बहुत तेज खुशबू आएगी। अब इसे किसी कांच के एयरटाइट जार में भरकर स्टोर कर लें। जब चाय बनाएं तो इसमें से आधा चम्मच मसाला डाल दें, फिर देखिए चाय में क्या खुशबू आएगी। चाय में आखिरी 2 उबाल आने से पहले ही आपको ये मसाला डालना है। इससे चाय में ज्यादा खुशबू आएगी। आप इसमें सूखे तुलसी के पत्ते भी डाल सकते हैं। सीजन के हिसाब से पीपली का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल