गरम मसाले का इस्तेमाल किसी भी खाने को जायकेदार और खुशबूदार बनाने के लिए किया जाता है। गरम मसाले का सबसे ज्यादा इस्तेमाल बिहार, झारखंड में किया जाता है। ये भुजिया से लेकर ग्रेवी वाली सब्जी तक, हर किसी का स्वाद दोगुना कर देता है। हममें से ज्यादातर लोग बाजार से गरम मसाला खरीदकर इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इनमें वो खुशबू और स्वाद नहीं होता जो घर पर आता है। ऐसे में यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि घर पर आप गरम मसाला कैसे तैयार कर सकते हैं। घर पर कई तरह के मसाले तैयार किए जा सकते हैं। इनमें छोले, मीट से लेकर कई मसाले शामिल हैं। तो चलिए जानते हैं घर पर गरम मसाला कैसे तैयार करें।
सामग्री
- साबुत धनिया: 4 टेबलस्पून
- जीरा: 2 टेबलस्पून
- शाही जीरा: 1 टेबलस्पून
- काली मिर्च: 2 टेबलस्पून
- बड़ी इलायची: 8-10
- छोटी इलायची: 15-20
- लौंग: 1 टेबलस्पून
- दालचीनी: 4-5 बड़े टुकड़े
- चक्र फूल: 3-4
- जावित्री: 3-4 फूल
- जायफल: 1 आधा टुकड़ा
- तेजपत्ता: 4-5
- सौंफ: 1 टेबलस्पून
बनाने का तरीका
स्टेप 1: घर पर गरम मसाला बनाने के लिए सबसे पहले सभी साबुत मसालों को अच्छी तरह साफ कर लें ताकि उनमें कोई धूल या कंकड़ न रहे।
स्टेप 2: अब एक कढ़ाई या पैन को धीमी आंच पर गरम करें। इसमें सबसे पहले दालचीनी, बड़ी इलायची, चक्र फूल और तेजपत्ता डालकर 1 मिनट भूनें। इसके बाद धनिया, जीरा, शाही जीरा, काली मिर्च, लौंग और हरी इलायची डालें।
स्टेप 3: मसालों को लगातार चलाते हुए 3 से 4 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें। ध्यान रखें कि मसालों का रंग काला न पड़े, बस उनसे नमी निकल जाए और भीनी-भीनी खुशबू आने लगे।
स्टेप 4: गैस बंद कर दें और तुरंत जायफल पाउडर व जावित्री मिलाएं। मसालों को एक चौड़ी थाली में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें। गरम मसालों को कभी न पीसें, वरना उनका तेल उड़ जाता है।
स्टेप 5: ठंडे हुए मसालों को मिक्सी के जार में डालें। मिक्सी को लगातार चलाने की बजाय 'पल्स मोड' पर रोक-रोककर पीसें ताकि मसाला ज्यादा गरम न हो। फिर इसे किसी एयर टाइट कंटेनर में स्टोर करें। घर पर बने मसाले न केवल खाने का स्वाद बढ़ाते हैं बल्कि मिलावट से भी बचाते हैं।