सुबह के नाश्ते में प्रोटीन से भरपूर चीजों का सेवन करने से दिनभर एनर्जी बनी रहती है। सुबह के नाश्ते में प्रोटीन के लिए ज्यादातर लोग अंडे का सेवन करते हैं। लेकिन शायद आपको मालूम नहीं है कि बेसन-पनीर चीला प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स है। यह न केवल झटपट बन जाता है,बल्कि दिनभर आपको एनर्जेटिक भी रखता है। बच्चों के टिफिन से लेकर वर्कआउट के बाद के नाश्ते तक के लिए यह नाश्ता परफेक्ट ऑप्शन है। यहां हम आपके लिए बेसन पनीर स्टफ्ड चीला की सिंपल रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
- चीले के बैटर के लिए
- बेसन: 1 कप
- सूजी (रवा): 2 बड़े चम्मच
- अजवाइन: ½ छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर: ¼ छोटा चम्मच
- हिंग: 1 चुटकी
- नमक: स्वादानुसार
- पानी: आवश्यकतानुसार
पनीर स्टफिंग के लिए
- पनीर: 100 ग्राम (कद्दूकस किया हुआ)
- प्याज: 1 छोटा (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च: 1-2 (बारीक कटी हुई)
- हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
- गाजर: 2 बड़े चम्मच (कद्दूकस की हुई)
- चाट मसाला: ½ छोटा चम्मच
- भुना जीरा पाउडर: ½ छोटा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
बनाने का तरीका
स्टेप 1: एक बड़े बाउल में बेसन, सूजी, अजवाइन, हल्दी, हींग और नमक मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए घोल तैयार कर लें। यह घोल न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला। बैटर को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि ये फूल जाए।
स्टेप 2: अब एक दूसरे बर्तन में कद्दूकस किया पनीर, कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, गाजर, चाट मसाला, भुना जीरा और थोड़ा सा नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। आपकी टेस्टी स्टफिंग तैयार है।
स्टेप 3: अब एक नॉन-स्टिक तवा मध्यम आंच पर गरम करें। तवे पर थोड़ा सा तेल लगाकर उसे टिशू पेपर या सूती कपड़े से पोंछ लें। तवे के बीच में एक बड़ा चम्मच बैटर डालें और गोल-गोल घुमाते हुए डोसे की तरह पतला फैलाएं।
स्टेप 4: चीले के किनारों पर थोड़ा सा तेल या घी लगाएं। जब चीला नीचे से हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने लगे, तो उसके बीच में 2-3 बड़े चम्मच पनीर की स्टफिंग फैलाएं।
स्टेप 5: चीले को दोनों तरफ से मोड़कर रोल कर लें। इसे तवे पर कुछ सेकंड और सिकने दें ताकि यह कुरकुरा हो जाए। फिर इसे निकालें और सॉस या चटनी के साथ खाएं।