1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. सैर-सपाटा
  4. दार्जिलिंग में घूमने की जगह, दिल में बस जाएगी खूबसूरती, जानिए कैसे बना अंग्रेजों का पसंदीदा हिल स्टेशन

दार्जिलिंग में घूमने की जगह, दिल में बस जाएगी खूबसूरती, जानिए कैसे बना अंग्रेजों का पसंदीदा हिल स्टेशन

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jun 23, 2026 09:07 am IST,  Updated : Jun 23, 2026 09:07 am IST

Tourist Place In Darjeeling: हरे-भरे पहाड़ों की गोद में बसा दार्जिलिंग बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है। ब्रिटिश वायसराय गर्मियों में दार्जिलिंग छुट्टियां बिताने के लिए जाते थे। आज भी भारत समेत विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद में दार्जिलिंग का नाम आता है। जानिए दार्जिलिंग में घूमने की जगह कौन सी हैं।

दार्जिलिंग में घूमने की जगह- India TV Hindi
दार्जिलिंग में घूमने की जगह Image Source : INDIA TV

भारत के खूबसूरत हिल स्टेशन की लिस्ट में दार्जिलिंग का नाम शामिल है। दार्जिलिंग नाम तिब्बती शब्द 'दोरजे' यानि वज्र और 'लिंग' यानि स्थान से मिलकर बना है। 19वीं सदी से पहले दार्जिलिंग सिक्किम साम्राज्य का हिस्सा था। यहां की खूबसूरती, प्रकृति और शानदार जलवायु को देखकर अंग्रेजों ने इसे एक शानदार हिल स्टेशन के रूप में विकसित किया। पहाड़ प्रेमियों के लिए दार्जिलिंग टॉप लिस्ट में आता है। यहां खूबसूरत चाय के बागान, हरी भरी पहाड़ियां लोगों को अपना दीवाना बना लेती हैं। दार्जिलिंग के पहाड़ उत्तराखंड, हिमाचल से कहीं अलग और ज्यादा खूबसूरत हैं। बारिश के बाद तो यहां की खूबसूरती और बढ़ जाती है। अगर आप भी किसी अच्छे हिल स्टेशन पर घूमने जाना चाहते हैं तो दार्जिलिंग जाने का प्लान बना सकते हैं। यहां मौसम, प्राकृतिक नजारे के अलावा कई घूमने की जगह हैं।

दार्जिलिंग में घूमने की जगह

टाइगर हिल (Tiger Hill)- दार्जिलिंग से करीब 13 किमी दूर टाइगर हिल है। यहां से आपको माउंट कंचनजंगा और माउंट एवरेस्ट की चोटियां नजर आएंगे। सुबह के समय सूरज की पहली किरणें देखने का अद्भुद नजारा आप यहां ले सकते हैं। हालांकि आपको इसके लिए सन राइज से पहले पहुंचना होगा। इस व्यू पॉइंट को देखने के लिए सुबह अच्छी भीड़ पहुंचती है।

दार्जिलिंग टॉय ट्रेन (Darjeeling Himalayan Railway)- दार्जिलिंग की टॉय ट्रेन का सफर बेहद खूबसूरत है। यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर सूची में शामिल किया है। टॉय ट्रेन यहां पहाड़ों के बीच से गुजरते हुए पूरे शहर का नज़ारा दिखाती है। टॉय ट्रेन में आप घूम से दार्जिलिंग तक का सफर कर सकते हैं।

बतासिया लूप और युद्ध स्मारक (Batasia Loop)- दार्जिलिंग का एक खूबसूरत पॉइंट बतासिया लूप भी है। यहां टॉय ट्रेन से या आप अपने वाहन से भी जा सकते हैं। ये एक शानदार सर्पिल रेलवे ट्रैक है। यहां बने मेमोरियल से कंचनजंगा की चोटियों का पैनोरमिक व्यू दिखाई देता है। आप यहां दार्जिलिंग की ड्रेस में फोटो भी खिंचवा सकते हैं।

पद्मजा नायडू हिमालयन जूलॉजिकल पार्क (Padmaja Naidu Himalayan Zoo)- आप बच्चों के साथ हैं तो चिड़ियाघर जा सकते हैं। यहां आपको कई तरह के हिमालयी जीव देखने को मिल जाएंगे। खासतौर से यहां व्हाइट टाइगर, रेड पांडा, स्नो लेपर्ड और तिब्बतियन वुल्फ जैसे दुर्लभ जानवर देखने को मिलेंगे।

जापानी पीस पागोडा (Japanese Peace Pagoda)- ये दार्जिलिंग का सबसे शांत और खूबसूरत पॉइंट है। पहाड़ी की चोटी पर बसा सफेद स्तूप बौद्ध धर्म के प्रतीक और शांति के केंद्र है। यहां से पूरा दार्जिलिंग शहर आपको दिखता है। कुछ पल यहां सुकून के बिता सकते हैं।

घूम मठ (Ghoom Monastery)- दार्जिलिंग में वैसे तो कई मोनेस्ट्री हैं लेकिन करीब 8 किलोमीटर दूर बौद्ध मठ 15 फीट ऊंची मैत्रेय बुद्ध की मूर्ति के लिए बेहद प्रसिद्ध है।

हैप्पी वैली टी एस्टेट (Happy Valley Tea Estate)- दार्जिलिंग जाएं और चाय के बागानों में फोटो न खिंचवाएं तो यात्रा अधूरी लगती है। आप हैप्पी वैली टी स्टेट में जाकर चाय के बाग और यहां की चाय को इंजॉय कर सकते हैं। चाय के बागान और उनके ढलानों में टहल सकते हैं। फैक्ट्री में जाकर चाय बनाने की पूरी प्रक्रिया भी देख सकते हैं।

  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Travel से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल