1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. अशोकनगर: पिछोर से इंदौर जा रही स्लीपर बस में लगी आग, शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला

अशोकनगर: पिछोर से इंदौर जा रही स्लीपर बस में लगी आग, शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 25, 2025 11:10 pm IST,  Updated : Oct 25, 2025 11:20 pm IST

आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

Bus Fire- India TV Hindi
बस में लगी आग Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के अशोकनगर में शनिवार रात एक बस में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि 10 मिनट के अंदर पूरी बस जलकर खाक हो गई। बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। बूस ड्राइवर, पुलिसकर्मी और स्थानीय लोगों की सूझबूझ के चलते सभी यात्रियों की जान बच गई। हालांकि, बस और उसके अंदर रखा सामान पूरी तरह से जल गया। आग पर  काबू पाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां लग गईं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। 

यह घटना खुले इलाके में हुई। इस वजह से आग बस के अलावा किसी दूसरी जगह पर नहीं फैली। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे का शिकार हुई बस पिछोर से इंदौर जा रही थी। हालांकि, बमनावर गांव के पास वह हादसे का शिकार हो गई।

स्थानीय लोगों की मदद से बड़ी दुर्घटना टली

एसी बस में आग लगने की घटना ईसागढ़ रोड पर बमनावर गांव के पास शनिवार को रात करीब आठ बजे की है। देखते ही देखते बस पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गई। कमला ट्रैवल्स की इस बस में इंदौर जाने वाले यात्री सवार थे। अचानक लगी आग से बस में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी और ड्राइवर ने हिम्मत दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोग भी मदद के लिए दौड़ पड़े और बड़ी दुर्घटना टल गई। 

फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने बुझाई आग

सूचना मिलते ही ईसागढ़ और अशोकनगर पुलिस तथा दमकल की टीम मौके पर पहुंची। पहली फायर ब्रिगेड का पानी खत्म होने पर दूसरी गाड़ी मंगाई गई, तब कहीं जाकर आग पर काबू पाया जा सका। बस स्टाफ का कहना है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। प्रधान आरक्षक अरविंद सिंह रघुवंशी, जो बस में सवार थे,उन्होंने बताया कि जैसे ही धुआं उठता दिखा, सभी को बाहर निकलने को कहा गया। सिर्फ दस मिनट में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। यात्रियों के मुताबिक बस में कुछ देर से जलने की बदबू आ रही थी, लेकिन ड्राइवर ने ध्यान नहीं दिया। बस में कोई अग्निशमन यंत्र भी नहीं था। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन यह हादसा यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करता है।

यह भी पढ़ें-

बेटे ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो पिता ने खा लिया जहर, डॉक्टर भी नहीं बचा पाए जान

यूपी: अलीगढ़ में मंदिरों की दीवारों पर ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा मिलने से तनाव, जानें फिर क्या हुआ

 

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।