1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मां की गोद सूनी कर गई अनेर नदी, नहाने गए 3 सगे भाई-बहनों की डूबने से मौत; बड़वानी में मामा के घर आए थे

मां की गोद सूनी कर गई अनेर नदी, नहाने गए 3 सगे भाई-बहनों की डूबने से मौत; बड़वानी में मामा के घर आए थे

 Published : Apr 23, 2026 07:58 am IST,  Updated : Apr 23, 2026 07:59 am IST

मध्य प्रदेश के बड़वानी में एक हृदयविदारक घटना में 3 सगे भाई-बहनों की अनेर नदी में डूबने से मौत हो गई। ये बच्चे अपने मामा के घर आए थे। तीनों नहाने के लिए नदी में उतरे और एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में सभी डूब गए।

three siblings drowned in river- India TV Hindi
जयवीर, राजवीर और राधा की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के वरला तहसील से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां अनेर नदी में डूबने से तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। मामा के घर आए मासूम नहाने के दौरान गहरे पानी में समा गए। नदी किनारे कपड़े और चप्पल मिलने के बाद तलाश में तीनों के शव बरामद किए गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

10, 8 और 6 साल के तीन भाई-बहनों की मौत

वरला तहसील के बिलवा गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम भाई-बहनों की अनेर नदी में डूबने से मौत हो गई। देवली निवासी पवन ब्राह्मणे अपने परिवार के साथ ससुराल बिलवा आए थे। उनकी बड़ी बेटी पहले से मामा के घर पर मौजूद थी, जबकि बाकी तीन बच्चे- 10 वर्षीय राधा, 8 वर्षीय राजवीर और 6 वर्षीय जयवीर घर से बड़ी बहन के पास जाने का कहकर निकले थे। लेकिन रास्ते में ही तीनों बच्चे अनेर नदी पर नहाने चले गए और गहरे पानी में डूब गए।

नदी किनारे कपड़े और चप्पल मिले

काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। नदी किनारे कपड़े और चप्पल मिलने के बाद ग्रामीणों के साथ नदी में उनकी तलाश की गई, जहां कुछ ही देर में तीनों के शव एक गड्ढे में मिले। सूचना मिलते ही वरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए वरला अस्पताल भिजवाया गया।

बच्चों के शव देख बेसुध हो गए माता-पिता 

तीनों बच्चों के शव देखकर माता-पिता बेसुध हो गए, वहीं मां का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना के बाद बिलवा गांव और पैतृक गांव देवली में शोक की लहर छा गई है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

(रिपोर्ट- ओवेश अहमद)

यह भी पढ़ें-

8 साल के बेटे का जन्मदिन मनाने स्विमिंग पूल गया था पिता, अचानक बेहोश होकर गिरा और डूबने से हुई मौत, देखें VIDEO

ग्रेटर नोएडा में गड्ढे में डूबने से 5 साल के मासूम की मौत, खाली खेत में जमा हो रहे कॉलोनी के पानी में गिरा बच्चा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।