1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. लाठी-डंडों के साथ आए Blinkit डिलीवरी बॉयज, बीजेपी नेता के घर में जमकर काटा बवाल; CCTV में कैद हुई पूरी घटना

लाठी-डंडों के साथ आए Blinkit डिलीवरी बॉयज, बीजेपी नेता के घर में जमकर काटा बवाल; CCTV में कैद हुई पूरी घटना

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 12, 2025 11:28 pm IST,  Updated : Oct 12, 2025 11:32 pm IST

भोपाल में ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉयज ने बीजेपी नेता हर्षित गुरु के घर पर जमकर हंगामा किया। सभी लाठी-डंडों से लैस होकर कॉलोनी में पहुंचे।

ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉयज का हंगामा - India TV Hindi
ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉयज का हंगामा Image Source : REPORT

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार इलाके की दानिश हिल्स कॉलोनी में शनिवार देर शाम ऑनलाइन ग्रॉसरी कंपनी ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉयज ने जमकर हंगामा और गुंडागर्दी की। बीजेपी नेता हर्षित गुरु के घर पार्सल डिलीवरी के दौरान शुरू हुए पेमेंट विवाद ने ऐसा विकराल रूप लिया कि करीब दर्जनभर डिलीवरी बॉयज लाठी-डंडों से लैस होकर वापस लौटे और घर पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने घर के नौकरों की पिटाई की और कॉलोनी की महिलाओं से भी बदसलूकी और मारपीट करने के आरोप लगे हैं।

क्या था पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, यह घटना दानिश हिल्स कॉलोनी में बीजेपी नेता हर्षित गुरु के निवास पर हुई। एक डिलीवरी बॉय पार्सल लेकर पहुंचा, जिसके पेमेंट को लेकर विवाद शुरू हो गया। हर्षित गुरु की पत्नी ने आंशिक रकम कैश में और शेष ऑनलाइन माध्यम से देने की बात कही। लेकिन डिलीवरी बॉय पूरी रकम एक ही माध्यम से चाहता था। इस बात पर बहस बढ़ गई, जिसके बाद घर के नौकरों ने डिलीवरी बॉय को बाहर निकाल दिया।

लाठी-डंडों से लैस डिलीवरी बॉयज

घर से निकाले जाने के बाद डिलीवरी बॉय अपने सेंटर पहुंचा और उसने लगभग दर्जन भर साथियों को इकट्ठा कर लिया। सभी लाठी-डंडों से लैस होकर दोबारा कॉलोनी में पहुंचे और सीधे हर्षित गुरु के घर पर हमला कर दिया।

हर्षित गुरु को बाहर न आता देख डिलीवरी बॉयज ने घर के बाहर मौजूद नौकरों को पकड़ लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई की। नौकरों को पीटने और गाली-गलौज करने के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। कुछ स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दौरान बीच-बचाव करने आईं कॉलोनी की कुछ महिलाओं के साथ भी मारपीट और बदसलूकी की गई।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

रविवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपियों की करतूतें साफ तौर पर कैद हो गई हैं। फुटेज में देखा जा सकता है कि किस तरह युवक लाठी-डंडों के साथ आकर हंगामा कर रहे हैं।

इस घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने कोलार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकाने और गाली-गलौज की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें-

लालू, राबड़ी और तेजस्वी की बढ़ी टेंशन, कल तीन बड़े मामलों पर पेशी, कोर्ट सुना सकता है फैसला

असम की जनसंख्या पर CM हिमंत का बड़ा दावा- हिंदू आबादी घटकर हुई 40%; इतनी है मुस्लिम आबादी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।