1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP चुनाव की तैयारी, बीजेपी ने किया चुनाव प्रबंधन समिति का ऐलान, सिंधिया समेत इन नेताओं का नाम

MP चुनाव की तैयारी, बीजेपी ने किया चुनाव प्रबंधन समिति का ऐलान, सिंधिया समेत इन नेताओं का नाम

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 30, 2023 03:04 pm IST,  Updated : Jul 30, 2023 03:06 pm IST

चुनाव प्रबंधन समिति में किसी महिला को शामिल नहीं किए जाने के सवाल पर बीजेपी के प्रदेश सचिव रजनीश अग्रवाल ने कहना है कि महिला मोर्चा बीजेपी सरकार की महत्वाकांक्षी 'लाडली बहना योजना' का लाभ प्रदेश की महिलाओं तक पहुंचाने के लिए वर्तमान में एक अहम अभियान चला रहा है।

मध्य प्रदेश चुनाव की तैयारी - India TV Hindi
मध्य प्रदेश चुनाव की तैयारी Image Source : PTI

बीजेपी की मध्य प्रदेश इकाई ने प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए 26 सदस्यीय चुनाव प्रबंधन समिति का गठन किया है। शनिवार रात घोषित की गई इस समिति में पांच आमंत्रित सदस्य भी शामिल हैं। भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को इस समिति का संयोजक बनाया गया है। उनके नेतृत्व वाली इस समिति में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा शामिल हैं।

प्रवक्ता के मुताबिक, समिति के अन्य सदस्यों में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, तीन केंद्रीय मंत्री-ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते एवं प्रह्लाद पटेल और मध्य प्रदेश के चार कैबिनेट मंत्री-नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह शामिल हैं। प्रवक्ता ने बताया कि समिति के पांच आमंत्रित सदस्यों में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, केंद्रीय मंत्री एवं मध्य प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री एवं मध्य प्रदेश में पार्टी के चुनाव सह-प्रभारी अश्विनी वैष्णव, मध्य प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और मध्य प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शामिल हैं। 

समिति में महिला को नहीं किया गया शामिल

चुनाव प्रबंधन समिति में किसी महिला को शामिल नहीं किए जाने के सवाल पर बीजेपी के प्रदेश सचिव रजनीश अग्रवाल ने कहा, "महिला मोर्चा बीजेपी सरकार की महत्वाकांक्षी 'लाडली बहना योजना' का लाभ प्रदेश की महिलाओं तक पहुंचाने के लिए वर्तमान में एक अहम अभियान चला रहा है। सभी पदाधिकारी और नेता इस अभियान में व्यस्त हैं।" 

19 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति की भी घोषणा 

अग्रवाल ने कहा कि महिलाएं अलग-अलग जगहों पर पार्टी में अहम भूमिका निभा रही हैं। बीजेपी ने शनिवार रात विधानसभा चुनाव के लिए 19 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति की भी घोषणा की। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री जयंत मलैया को इस समिति का प्रमुख बनाया गया है, जबकि प्रभात झा सह-प्रमुख होंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।