1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में SIR के काम में लगे दो BLO की मौत, एक को आया हार्ट अटैक; अस्पताल में भर्ती

मध्य प्रदेश में SIR के काम में लगे दो BLO की मौत, एक को आया हार्ट अटैक; अस्पताल में भर्ती

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Nov 22, 2025 06:26 pm IST,  Updated : Nov 22, 2025 06:57 pm IST

SIR के लिए वोटर लिस्ट सर्वे करने वाले दो टीचर और BLO की शुक्रवार को मध्य प्रदेश के रायसेन और दमोह जिलों में "बीमारी" से मौत हो गई।

सीताराम गौड़- India TV Hindi
सीताराम गौड़ Image Source : REPORTER

दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह में भी मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के काम में लगे बीएलओ (BLO) सीताराम की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। इलाज के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब वे गणना पत्र भरवा रहे थे। बताया जा रहा है कि वे काम कम हो पाया था। इससे वह मानसिक रूप से परेशान थे।

ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, सीताराम गौड़ दमोह विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रंजरा में शिक्षक थे। वह की तौर पर एसआईआर के काम में लगे हुए थे। सीताराम गौड़ की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई गई है। वह पथारी बांदकपुर के रहने वाले थे। उनकी तबीयत खराब हो गई तो उन्हें पहले दमोह के जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन गंभीर हालत होने पर उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया। जहां उनकी मौत हो गई।  

रायसेन में भी बीएलओ की मौत

वहीं, रायसेन ज़िले में एक अन्य बीएलओ रमाकांत पांडे की भी मौत हो गई। इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर चंद्रशेखर श्रीवास्तव ने बताया कि सतलापुर इलाके के शिक्षक रमाकांत पांडे मंडीदीप में मतदाता सूची परीक्षण अभियान पर काम कर रहे थे। शुक्रवार देर रात किसी बीमारी की वजह से उनकी मौत हो गई। पांडे की मौत की सही वजह के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रहे हैं। 

रमाकांत पांडे की पत्नी रेखा और परिवार के दूसरे सदस्यों ने अधिकारियों को बताया कि वह टीलाखेड़ी के प्राथमिक स्कूल में पदस्थ थे और उन्हें मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में ड्यूटी दी गई थी। उन्होंने दावा किया कि वह बहुत ज़्यादा काम के बोझ से जूझ रहे थे, जिससे उन्हें हर रात निर्धारित काम पूरा करने के लिए ज़्यादा घंटे काम करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि पांडे को काम पूरा करने के लिए फ़ोन पर लगातार निर्देश मिलते थे। रेखा पांडे ने दावा किया कि लक्ष्य पूरे नहीं हुए और पिछली चार रातों से वह सोये नहीं थे। उन्होंने बताया कि उनके पति को निलंबन का डर सता रहा था। एसडीओ श्रीवास्तव ने कहा कि पांडे के परिवार के सदस्यों को नियमों के अनुसार मदद और अनुकंपा नियुक्ति मिलेगी। 

बीएलओ की ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत

वहीं, आगर मालवा में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण यानी SIR के काम में लगे एक बूथ लेबल ऑफिसर (बीएलओ) की ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ गई। पाचोरा गांव के BLO जोकि पेशे से शासकीय शिक्षक हैं को अचानक हार्ट अटैक आया और उन्हें उज्जैन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

जानकारी के मुताबिक, शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षक मुकेश पेजवाल SIR के कार्य में पिछले कई दिनों से लगातार जुटे हुए हैं। शुक्रवार को नायब तहसीलदार भगीरथ चौहान गांव पहुंचे थे और पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसी बीच ड्यूटी के तनाव के बीच शिक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ी और उन्हें तुरंत उज्जैन रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

(दमोह से महेंद्र सिंह परिहार, आगर मालवा से राम यादव और रायसेन से पीटीआई का इनपुट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।