मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में शादी की खुशियों के बीच एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने सभी को हैरान कर दिया। दूल्हा सपनों के साथ बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा था। बैंड-बाजों के साथ बारात का स्वागत हुआ और दूल्हा जयमाला के मंच पर दुल्हन का इंतजार करने लगा। दुल्हन भी पूरी तरह सजी-धजी हाथ में वरमाला लेकर मंच तक पहुंची, लेकिन अगले ही पल ऐसा हुआ जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। दुल्हन मंच से ही कूदकर भाग गई और अपने ब्यॉयफ्रेंड के गले में वरमाला पहना दी।
प्रेमी को गले लगाया और पहना दी वरमाला
यह पूरा मामला 27-28 अप्रैल की रात उमरेठ थाना क्षेत्र के मुजावर गांव का बताया जा रहा है। बारात के पहुंचने पर दोनों परिवारों ने पारंपरिक रस्में निभाईं। दूल्हे का स्वागत किया गया और जयमाला की तैयारी शुरू हुई। इसी दौरान दुल्हन मंच पर पहुंची और दूल्हे को माला पहनाने के बजाय अपने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी। इतना ही नहीं, उसने सबके सामने प्रेमी को गले लगा लिया।
दुल्हे ने शादी से किया इनकार, प्रेमी की हुई पिटाई
यह दृश्य देखकर समारोह में मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। कुछ ही क्षणों में माहौल बदल गया और गुस्साए लोगों ने प्रेमी की पिटाई कर दी। घटना के बाद दूल्हे ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद वह अपने साथ लाए उपहार वापस लेकर बारात सहित बिना दुल्हन के घर लौट गया।
यहां देखें वीडियो
दूल्हे के परिजनों ने थाने में दी शिकायत
बताया जा रहा है कि युवती ने पहले भी अपने परिवार को प्रेम संबंध के बारे में बताया था और प्रेमी से शादी करने की इच्छा जताई थी, लेकिन परिजनों ने उसकी बात को नजरअंदाज कर दूसरी जगह रिश्ता तय कर दिया। परिवार के दबाव में युवती ने शादी के लिए हामी तो भर दी, लेकिन जयमाला के समय उसने अपने मन की कर दी। घटना के बाद दूल्हे पक्ष ने उमरेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दूल्हे के परिजनों का आरोप है कि लड़की के परिवार ने सच्चाई छिपाकर रिश्ता तय किया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। परिवार अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।