1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मेट्रो के अंदर और स्टेशन पर आयोजित कर सकेंगे बर्थडे समेत तमाम इवेंट्स, जानें कितने रुपए होंगे खर्च

मेट्रो के अंदर और स्टेशन पर आयोजित कर सकेंगे बर्थडे समेत तमाम इवेंट्स, जानें कितने रुपए होंगे खर्च

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : May 06, 2026 06:55 am IST,  Updated : May 06, 2026 06:57 am IST

मध्य प्रदेश में मेट्रो कोच के अंदर और स्टेशन परिसर पर लोगों को इवेंट्स आयोजित करने की सुविधाएं मिलेंगी, जिसके तहत निश्चित अमाउंट भी देना होगा।

Madhya Pradesh Metro- India TV Hindi
मध्य प्रदेश मेट्रो Image Source : MP METRO RAIL CORPORATION LIMITED

भोपाल: मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने 'सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स' की नीति लागू की है, जिससे लोगों को मेट्रो कोच और मेट्रो स्टेशनों पर इवेंट्स करने की अनुमति दी जाएगी। इन इवेंट्स में फिल्म शूटिंग, वेब सीरीज, डॉक्यूमेंट्री एवं विज्ञापन, बर्थडे पार्टी एवं किटी पार्टी, प्री-वेडिंग शूट एवं सेलिब्रेशन, फोटोशूट एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल हैं।

मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक ने क्या बताया?

इस मामले पर मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा, "सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स की पहल भोपाल और इंदौर की जीवंत संस्कृति, तेजी से बढ़ते शहरी परिवेश और नागरिकों की बदलती जीवनशैली को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। यह पहल मेट्रो को आमजन के और करीब लाने का एक प्रयास है, जिससे लोग अपने विशेष अवसरों को मेट्रो जैसे सुरक्षित और आधुनिक वातावरण में मना सकें। इससे मेट्रो सेवाएं नागरिकों के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनेंगी।"

बुकिंग कैसे होगी?

बुकिंग करने के लिए इवेंट्स से कम से कम 15 दिन पहले आवेदन फॉर्म को भरना होगा। इवेंट्स के लिए कोई भी आवेदन कर सकता है, फिर चाहें वो कोई इंडिविजुएल हो या संस्था-प्रोडक्शन हाउस या फिर कंपनी। बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी।

कितना खर्चा आएगा?

स्थिर अनडेकोरेटेड मेट्रो कोच के ₹5,000 प्रति घंटा लगेंगे। गतिशील अनडेकोरेटेड मेट्रो कोच के ₹7,000 प्रति घंटा लगेंगे। प्रति कोच ₹20,000 का सिक्योरिटी अमाउंट भी जमा कराना होगा, जोकि आयोजन के बाद नियमों के पालन पर वापस कर दिया जाएगा।

लोगों की संख्या कितनी हो सकती है?

अगर बर्थडे, प्री-वेडिंग एवं किटी पार्टी रख रहे हैं तो अधिकतम 50 व्यक्तियों को इवेंट्स में शामिल होने की अनुमति मिलेगी। अगर इससे ज्यादा व्यक्ति कार्यक्रम में आते हैं तो अतिरिक्त व्यक्तियों पर MPMRCL के निर्धारित किराया नियम लागू होंगे। लोगों को सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा। 

आवेदन कहां करें?

आवेदन ऑफलाइन या ऑनलाइन किया जा सकता है। ज्यादा जानकारी के लिए मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करें। आवेदन भोपाल और इंदौर के लिए होगा। इसके लिए ईमेल आईडी क्रमश: cri.bhopal@mpmrcl.mp.gov.in और rev.indorempm@mpmrcl.mp.gov.in है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।