1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. पिता-पुत्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हर महीने 40000 रुपये की जा रही थी EMI, वाहन वापस ले जाने की थी धमकी

पिता-पुत्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हर महीने 40000 रुपये की जा रही थी EMI, वाहन वापस ले जाने की थी धमकी

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 20, 2025 10:09 pm IST,  Updated : Sep 20, 2025 10:16 pm IST

पिता-पुत्र के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पत्नी और एक अन्य बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के छतरपुर में शनिवार को 32 वर्षीय एक व्यक्ति और उसका दो वर्षीय बेटा अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति की पत्नी और एक अन्य बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने संदेह जताया है कि परिवार के सदस्यों ने कोई जहरीला पदार्थ खाया होगा। 

पत्नी और एक अन्य बेटे की हालत गंभीर

शहर के पुलिस अधीक्षक (CSP) अरुण सोनी ने कहा कि यहां डेहरी गांव में ओम प्रकाश अहिरवार (32) और उनके बेटे रेहंस (2) मृत पाए गए, जबकि उनकी पत्नी नंदिनी अहिरवार (30) और एक अन्य बेटा तनिष्क (4) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, ‘परिवार के एक सदस्य की सूचना के बाद हम मौके पर पहुंचे। महिला की हालत गंभीर थी। हम उनका बयान दर्ज करने का इंतजार कर रहे हैं।’ 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

उन्होंने कहा, ‘घटना के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। हम गांव से जानकारी जुटा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।’ ओम प्रकाश की मां तारा अहिरवार ने संवाददाताओं को बताया कि परिवार ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे खाना खाया और सभी लोग सो गए। तारा ने बताया कि उनकी बहू ने रात में पेट दर्द की शिकायत की, लेकिन वे उस समय उसे इलाज के लिए कहीं नहीं ले जा सके। 

लोन में लिया था ट्रैक्टर

उन्होंने कहा कि परिवार आर्थिक तनाव में था क्योंकि उनके पास 40,000 रुपये की मासिक किस्त के साथ ट्रैक्टर लोन में लिया था। उन्होंने कहा कि लेनदार ने बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर वाहन ले जाने की धमकी दी थी। ओम प्रकाश अहिरवार की बहन शांति अहिरवार ने आरोप लगाया कि कुछ ग्रामीण उनके भाई को धमकी दे रहे थे और हो सकता है कि उन्होंने परिवार के खाने में कुछ मिला दिया हो। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।